मैथन में बारिश के बीच सांपों का आतंक! अजगर पकड़ा गया, कोबरा भाग निकला; DVC कर्मचारियों में दहशत
Snake Menace: मैथन में लगातार बारिश के कारण घरों और प्रतिष्ठानों में जहरीले सांपों के घुसने से दहशत फैल गई ...और पढ़ें
HighLights
मैथन में बारिश के कारण घरों में जहरीले सांपों का डर।
डीवीसी स्टोर में 12 फीट लंबा अजगर सुरक्षित पकड़ा गया।
एक घर में घुसा 5 फीट का कोबरा चकमा देकर भागा।
संवाद सूत्र, मैथन (धनबाद)। लगातार हो रही बारिश के बीच मैथन क्षेत्र में जहरीले सांपों के घरों और डीवीसी के प्रतिष्ठानों में घुसने से लोगों में दहशत है। गुरुवार को मैथन एरिया नंबर छह स्थित डीवीसी के स्टोर में बिजली उपकरणों के बक्सों के नीचे करीब 12 फीट लंबा अजगर छिपा मिला।
सांप को देखते ही स्टोर कर्मियों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर सीआइएसएफ के हेड कांस्टेबल व सर्प पकड़ने के विशेषज्ञ सीके शुक्ला पहुंचे और अजगर को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। इसके बाद कर्मियों ने राहत की सांस ली।
इधर, मैथन डाइक एरिया निवासी गुड्डू सिंह के किचन में खाने-पीने की सामग्री रखे डिब्बे के पास करीब पांच फीट लंबा कोबरा छिपा मिला। गुड्डू सिंह ने जैसे ही डिब्बा उठाने का प्रयास किया, कोबरा ने फन फैला दिया। इससे वे घबरा गए और तत्काल सीके शुक्ला को सूचना दी।
हालांकि, पकड़ने का प्रयास किए जाने पर कोबरा चकमा देकर भाग निकला। लगातार बारिश के कारण सांप व अन्य जहरीले जीव पानी से बचने और भोजन की तलाश में घरों में घुस रहे हैं।
सीके शुक्ला ने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर उसे मारने का प्रयास न करें। तत्काल सर्पमित्र या विशेषज्ञ को सूचना दें। घर के आसपास साफ-सफाई रखें और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करें। पुराने सामान हटाते समय सावधानी बरतें तथा जूते-चप्पल पहनने से पहले उन्हें अच्छी तरह जांच लें।
