फेमिना मिस इंडिया ताज के करीब धनबाद की वामिका निधि
फेमिना मिस इंडया-2017 में धनबाद की वामिका निधि झारखंड का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।

आशीष सिंह, धनबाद। मॉडलिंग और बॉलीवुड की दुनिया में धनबाद की प्रतिभाओं ने जबरदस्त उपस्थित दर्ज कराई है। यहां की कला और सुंदरता की चमक राज्य और राज्य के बाहर बिखर रही है। स्वाति सेनगुप्ता, मधुरिमा तुली, अश्विनी लाला, निधि जायसवाल, पूजा चटर्जी, म्यांग चांग, जीशान कादरी, जावेद पठान के बाद कोयला नगरी का एक और हीरा देशभर में रोशन होने से महज चंद कदम की दूरी पर है।
25 जून को मुंबई के यशराज स्टूडियो में होने वाले 'एफबीबी कलर्स फेमिना मिस इंडया-2017' में धनबाद के मनोरम नगर की रहने वाली वामिका निधि झारखंड का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी। मिस इंडिया बनने से पहले ही मंगलवार की देर रात वामिका के सिर 'मिस बॉडी ब्यूटीफुल' का क्राउन सज गया।
बॉडी ब्यूटीफुल क्राउन के साथ-साथ वामिका को 50 हजार रुपये का पुरस्कार भी मिला। अब नजर 25 को मिस इंडिया के क्राउन पर है। फोन पर हुई बातचीत में वामिका ने बताया कि ग्रैंड फिनाले तक प्रतिदिन सब-कांटेस्ट का आयोजन चल रहा है। इसमें देशभर से प्रतियोगिता में भाग ले रही मॉडल्स को सब-टाइटल से नवाजा जा रहा है।
ऐसा रहा यहां तक का सफर
28 मार्च को कोलकाता के होटल स्विसोटेल में वामिका निधि के सिर 'फेमिना मिस इंडिया झारखंड' का ताज सजा था। इस क्राउन के लिए रांची के मेन रोड कडरू मोड़ में आयोजित झारखंड आडिशन में राज्य के सभी जिलों से लगभग 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इसमें महज तीन प्रतिभाओं वामिका निधि, तान्या सिंह और प्रियंका कुमारी का ही चयन हुआ। कोलकाता में हुए फेमिना मिस इंडिया ईस्ट जोन समारोह में इन तीनों ने हिस्सा लिया और कई राउंड के बाद वामिका निधि के सिर ताज सजा। वामिका ने बताया कि पिता मधुकर पांडे और मां निधि शुक्ला का इस उपलब्धि में बड़ा योगदान रहा है।
मिस वर्ल्ड का सपना
फोन पर हुई बातचीत में वामिका ने बताया कि फेमिना मिस झारखंड का खिताब जीतने के बाद अब 'मिस बॉडी ब्यूटीफुल' का ताज मिलना वाकई खुशी की बात है। अभी रोजाना मिस इंडिया 2017 का ताज जीतने के लिए खूब मेहनत कर रही हूं। मॉडलिंग में नाम कमाना चाहती हूं। मेरे परिजन खुले विचारों के हैं। वह खुशकिस्मत है कि उन्हें एफबीबी 'मिस इंडिया-2017' के फाइनल तक पहुंचने का मौका मिला है। मिस इंडिया का ताज उन्हें वह नाम देगा, जिसमें वह अपनी मंजिल की ओर आसानी से बढ़ पाएंगी। वामिका 'मिस वर्ल्ड' प्रतियोगिता में भारत को रिप्रजेंट करना चाहती हैं।
फेमिना मिस झारखंड की प्रोफाइल
- नाम : वामिका निधि
- माता : निधि शुक्ला, एक्सआइएसएस रांची में प्रोफेसर
- पिता : मधुकर पांडे, ऑल इंडिया रेडियो में अधिकारी
- शिक्षा : दिल्ली पब्लिक स्कूल धनबाद से 10वीं और कार्मल स्कूल धनबाद से 12वीं, मौजूदा समय में सोफिया कॉलेज फॉर वूमेन मुंबई से पढ़ाई जारी।
- पता : मनोरम नगर, धनबाद
- शौक : मॉडलिंग
यह भी पढ़ेंः फेमिना मिस इंडिया के लिए झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी वामिका
यह भी पढ़ेंः झारखंड में एक जुलाई से 25 फीसद महंगी हो जाएगी बिजली

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।