धनबाद के देवांशु का कमाल, 5 स्टार AC से कम बिजली खपत करने वाला बनाया स्मार्ट AC; स्टार्टअप ने जुटाए ₹40.45 करोड़
धनबाद के युवा उद्यमी देवांशु मिश्रा के क्लाइमेट-टेक स्टार्टअप सिरकोलाइफ को राष्ट्रीय विस्तार के लिए 40.45 करोड़ रुपये की फंडिंग मिली है।

धनबाद के युवा उद्यमी देवांशु मिश्रा। (फोटो सौजन्य)
HighLights
सिरकोलाइफ को राष्ट्रीय विस्तार हेतु 40.45 करोड़ रुपये की फंडिंग मिली।
कंपनी IoT-इनेबल्ड, ऊर्जा-कुशल AC सब्सक्रिप्शन मॉडल पर उपलब्ध कराती है।
AC में गैस लीक, सर्विस की जानकारी कंपनी को स्वतः मिलती है।
आशीष सिंह, धनबाद। आए दिन देशभर में एसी ब्लास्ट होने, जलने और अन्य कारणों से जनधन हानि का समाचार देखने-सुनने को मिलता रहता है। अब ऐसा नहीं होगा। धनबाद की माटी से निकले युवा उद्यमी देवांशु मिश्रा ने भारतीय स्टार्टअप जगत में सफलता की नई इबारत लिखी है।
कूलिंग सेक्टर में ऐसा स्टार्टअप खड़ा कर दिया है जो पर्यावरण फ्रेंडली होने के साथ हाईटेक भी है। देवांशु की क्लाइमेट-टेक एवं आइओटी (इंटरनेट आफ थिंग्स) आधारित कंपनी सिरकोलाइफ ने राष्ट्रीय विस्तार की योजना को गति देने के लिए प्री-सीरीज फंडिंग राउंड में 40.45 करोड़ रुपये (4.5 मिलियन डालर) जुटाए हैं।
यह कंपनी पर्यावरण सुरक्षा से लैस एसी बनाती है। यह सामान्य पांच स्टार एसी की तुलना में भी 20 प्रतिशत कम बिजली की खपत करता है। एसी में इंटेलिजेंट सेंसर्स लगे हैं और यह वाईफाई से कनेक्ट रहता है।
अगर एसी में गैस लीक या सर्विस जैसी कोई समस्या आती है तो इसकी जानकारी खुद ब खुद कंपनी को मिल जाती है और उनके प्रतिनिधि आकर सर्विस कर देते हैं। एसी में स्वयं की सेल्फ क्लीनिंग यानी साफ करने का फीचर है। जिसे अपनी सुविधा अनुसार प्रतिदिन या सप्ताह में दो दिन सेट कर सकते हैं।
इसमें तापमान लाक करने की सुविधा है। उदाहरण के लिए यदि आप दुकान या आफिस में तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड पर लाक कर देते हैं तो कोई भी उसे 22 डिग्री से नीचे नहीं कर पाएगा। कंपनी इन एसी को बेचने के बजाय सब्सक्रिप्शन (किराए-प्लान) पर देती है।
सबसे महत्वपूर्ण है कि एसी की लाइफ (समय-सीमा) खत्म होने पर कंपनी इसे वापस ले लेती है और री-सायकल करती है ताकि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। देवांशु के अनुसार सिरकोलाइफ अपनी तकनीकी क्षमता आइओटी आधारित प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस सिस्टम से मजबूत कर रही है।
प्रत्येक यूनिट में लगे सेंसर तापमान, बिजली की खपत और गैस प्रेशर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों को रियल टाइम में ट्रैक करते हैं। जुटाए गए फंड का उपयोग इंटेलिजेंट एसी डिलीवरी फ्लीट का विस्तार करने और एआइ पावर्ड आइओटी तकनीक को मजबूत करने में होगा।
बीटेक प्रथम वर्ष में ही आइआइटी रुड़की कैंपस में शुरू किया टी-शर्ट्स वेंचर
आपणो घर सरायढेला निवासी देवांशु ने धनबाद पब्लिक स्कूल से स्कूली शिक्षा लेने के बाद धनबाद के ही फोकस इंस्टीट्यूट से आइआइटी जेईई की तैयारी की। देवांशु ने 2018 में देश के प्रतिष्ठित संस्थान आइआइटी रुड़की से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।
कालेज के पहले ही दिन से उनके भीतर एंटरप्रेन्योरशिप का जुनून सवार था। अपने प्रथम वर्ष में ही कैंपस में आइआइटी रुड़की टी-शर्ट्स वेंचर के साथ कारोबारी शुरुआत की। द्वितीय वर्ष में एडटेक क्षेत्र में कदम रखा और अनअकेडमी की शुरुआती कोर टीम के साथ जुड़े।
तीसरे वर्ष में संस्थान में ही इनक्यूबेटेड होम आटोमेशन कंपनी एवा की स्थापना की और तीन साल तक इसे सफलतापूर्वक चलाया। इसके बाद पालीकैब में तीन साल तक होम आटोमेशन बिजनेस का नेतृत्व किया और फिर आइसीआइसीआइ बैंक में 12 महीने बतौर प्रोडक्ट मैनेजर सेवाएं दीं।
सब्सक्रिप्शन माडल से कूलिंग की झंझट खत्म करने की पहल
देवांशु ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पहले अभिषेक मुरारका और तुषार पाटिल के साथ सह-स्थापित यह कंपनी बिजनेस और कामर्शियल आउटलेट्स को आइओटी इनेबल्ड, ऊर्जा-कुशल एयर कंडीशनर सब्सक्रिप्शन माडल पर उपलब्ध कराती है।
सब्सक्रिप्शन आधारित माडल से व्यवसायियों को एयर कंडीशनिंग सिस्टम खरीदने और उसके रखरखाव की जटिलताओं से राहत देने का प्रयास कर रही है। ग्राहक मासिक शुल्क के आधार पर सेवा का उपयोग करते हैं। यूनिट्स के रखरखाव और प्रदर्शन की जिम्मेदारी कंपनी संभालती है।
यह भी पढ़ें- सेल-बीसीसीएल समझौते से घरेलू कोकिंग कोयला उत्पादन में होगी वृद्धि, दो ब्लॉकों का होगा संयुक्त विकास
वर्तमान में पांच शहरों में 10 हजार से अधिक एक्टिव सब्सक्रिप्शन के साथ कंपनी का लक्ष्य अगले दो वर्षों में अपने ग्राहक आधार को चार गुना करना है। थियोब्रोमा, डोमिनोज और द बेल्जियन वाफल जैसे दिग्गज ब्रांड्स सिरकोलाइफ की सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।
