Dhanbad: अवैध गर्भपात के दौरान महिला की मौत, स्वजनों का हंगामा; सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में पुलिस ने लगाया ताला
धनबाद के कतरास स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में कथित अवैध गर्भपात के दौरान 26 वर्षीय किरण कुमारी की मौत हो गई।

कतरास स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर को सील करती पुलिस। (फोटो जागरण)
HighLights
कतरास में अवैध गर्भपात के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत।
सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर को पुलिस ने सील किया, जांच शुरू।
पीड़िता के पिता ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
संवाद सहयोगी, कतरास (धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह चौक स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में कथित तौर पर अवैध गर्भपात के दौरान 26 वर्षीय किरण कुमारी की मौत का मामला सामने आया है।
इस संबंध में किरण के पिता राजेंद्र केवट ने कतरास थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है।
राजेंद्र केवट ने शिकायत में कहा है कि उनकी पुत्री किरण कुमारी के इलाज की प्रक्रिया श्यामडीह चौक स्थित बाबा क्लीनिक के समीप संचालित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में चल रही थी।
आवेदन में सेंटर का संचालन सचिन कुमार केवट उर्फ पवन कुमार केवट द्वारा किए जाने का उल्लेख किया गया है। किरण के पति सोनू केवट उसे पेटरवार, बोकारो जिले के चलकरी से यहां लेकर आए थे।
किरण के पिता ने आरोप लगाया है कि गर्भपात के दौरान कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से प्रक्रिया की गई। इसके कारण किरण की हालत गंभीर हो गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौत हो गई।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि गंभीर हालत में किरण को संबंधित सेंटर के पास स्थित संजीवनी में भर्ती कराया गया, जहां उसे मृत अवस्था में पाया गया।
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
किरण के पिता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
थानेदार प्रवीण कुमार ने बताया कि सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में फिलहाल ताला लगा दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Karwa Chauth पर छुट्टी देने वाला झारखंड का इकलौता केंद्रीय विद्यालय बना धनबाद, महिला कर्मियों को मिली राहत
यह भी पढ़ें- झारखंड पुलिस पर भरोसा नहीं, जेपीएससी-जेएसएससी इंटर स्टेट भर्ती घोटाले की सीबीआइ जांच जरूरी : जयराम महतो
