Karwa Chauth पर छुट्टी देने वाला झारखंड का इकलौता केंद्रीय विद्यालय बना धनबाद, महिला कर्मियों को मिली राहत
Karva Chauth 2026: धनबाद के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एक विनोद नगर ने करवा चौथ को प्रतिबंधित अवकाश घोषित किया है।

केंद्रीय विद्यालय एक विनोद में 29 अक्टूबर को करवा चौथ की छुट्टी। (सांकेतिक फोटो)
आशीष सिंह, धनबाद। Karva Chauth Holiday: देश भर में अपनी उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था और अनुशासित माहौल के लिए पहचाने जाने वाले केंद्रीय विद्यालयों में एक ऐसी अनूठी और सराहनीय परंपरा देखने को मिल रही है, जो इसे अन्य शिक्षण संस्थानों से अलग बनाती है।
धनबाद के विनोद नगर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एक विनोद में 29 अक्टूबर गुरुवार को कर्क चतुर्थी यानी करवा चौथ के अवसर पर रिस्ट्रिक्टेड हालिडे (प्रतिबंधित अवकाश) घोषित किया गया। ऐसा करने वाला यह झारखंड का इकलौता विद्यालय है।
संभवत: देश में भी यह अपनी तरह का अनूठा मामला हो सकता है। केंद्रीय विद्यालय संगठन के सेवा नियमों और वार्षिक कैलेंडर के अनुसार प्रत्येक विद्यालय एवं कर्मचारी को वर्ष भर में पांच रिस्ट्रिक्टेड हालिडे (आरएच) चुनने और उपयोग करने की सुविधा प्रदान की जाती है।
इसी प्राविधान का उपयोग करते हुए केंद्रीय विद्यालय की अवकाश समिति और प्राचार्य ने लोक-आस्था, धार्मिक भावनाओं और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करते हुए करवा चौथ को अपनी छुट्टी की आधिकारिक सूची में स्थान दिया है।
आमतौर पर केंद्रीय विद्यालयों का अवकाश कैलेंडर अखिल भारतीय स्तर पर एक समान ढांचे पर आधारित होता है। महिला शिक्षिकाओं के अनुसार स्थानीय आरएच विकल्पों के तहत करवा चौथ जैसे महत्वपूर्ण और निर्जला व्रत के दिन अवकाश की व्यवस्था करना संस्थान की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
करवा चौथ का व्रत भारतीय समाज में दांपत्य निष्ठा और पारिवारिक कल्याण का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में कार्यस्थल पर कर्मचारियों की व्यावहारिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह एक सकारात्मक निर्णय है।
महिला शिक्षकों व कर्मचारियों ने जताई खुशी
विद्यालय प्रशासन के इस फैसले का महिला शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके स्वजन ने स्वागत किया है। महिला कर्मियों का कहना है कि निर्जला व्रत रखकर पूरे दिन अध्यापन कार्य करना और शाम को पूजा की तैयारियां करना चुनौतीपूर्ण होता है।
इस अवकाश के मिल जाने से अपने धार्मिक अनुष्ठानों को बिना किसी मानसिक या शारीरिक तनाव के पूरे विधान के साथ संपन्न कर सकेंगी।
यह भी पढ़ें- झारखंड पुलिस पर भरोसा नहीं, जेपीएससी-जेएसएससी इंटर स्टेट भर्ती घोटाले की सीबीआइ जांच जरूरी : जयराम महतो
यह भी पढ़ें- BCCL ने बनाया नया कीर्तिमान, एक दिन में 1.32 लाख टन कोयले का रिकॉर्ड डिस्पैच
केंद्रीय विद्यालयों में वर्ष में पांच रिस्ट्रिक्टेड हालिडे का विकल्प है। अन्य विभागों की तरह हमारे यहां स्वैच्छिक अवकाश नहीं दिया जा सकता है। कुछ शिक्षिकाएं स्कूल पहुंचे और कुछ को छुट्टी देना संभव नहीं है। इसलिए कमेटी के निर्णय के बाद गुरुवार को करवा चौथ की छुटटी दी गई।
