धनबाद में रातें हुईं सर्द, अगले सप्ताह गरज के साथ बारिश के आसार
Jharkhand Weather Update: धनबाद में रातें ठंडी होने लगी हैं और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। अगले सप्ताह पश्चिमी ...और पढ़ें

धनबाद में रात होते ही आसमान से गिरने लगी ओस की बूंदें। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Weather News: मौसम के नरम-गरम होने का दौर शुरू हो गया है। दिन में धूप खिल रही तो शाम ढलते ही आबोहवा में शीतलता घुल रही है। रात का मौसम सर्द होने लगा है।
24-25 डिग्री पर रहने वाली न्यूनतम तापमान खिसक कर 19 डिग्री पर पहुंच गया है। बोकारो और गिरिडीह जैसे पड़ाेसी जिलों का न्यूनतम तापमान लगातार 18 डिग्री पर बना हुआ है। इस सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अभी आने वाले दिनों में तापमान भी स्थिर रह सकता है। हालांकि, अगले सप्ताह मौसम के रंग बदलने की संभावना है। गर्जन और बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग से जारी अपडेट के अनुसार, शुक्रवार से बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर सक्रिय होने का अनुमान है। उसके बाद उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने और तीव्र होने की संभावना है।
इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर को उत्तर पूर्वी हिस्से में मेघ गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। दूसरी ओर, 24 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। इसका असर भी मौसम पर दिखेगा।
