पशु तस्कर के ठिकाने पर पांच दिन से डेरा डाले था शूटर सागर, CCTV फुटेज खोलेगा राज; धनबाद पुलिस ने जब्त किया DBR
Nirsa Police Encounter: पुलिस धनबाद के निरसा में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू के ठिकाने की ...और पढ़ें

मुठभेड़ के बाद बदमाश सागर सिंह को उठाकर ले जाती धनबाद पुलिस। (फोटो जागरण)
जासं, निरसा (धनबाद)। UP Criminal Sagar Singh Encounter: झारखंड के धनबाद जिले के निरसा के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कुख्यात अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू के ठिकाने की परतें खोलने में पुलिस जुटी है। पुलिस ने कारोबारी शमशाद खान के आवास का सीसीटीवी फुटेज और डीबीआर जब्त कर लिया है।
आवास को फिलहाल पुलिस ने अपने कब्जे में रखा है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए पिछले कई दिनों की गतिविधियों को खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मुठभेड़ के समय आवास में शिबू के अलावा कौन-कौन मौजूद था।
साथ ही पिछले तीन-चार दिनों में आवास पर आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। शिबू किन लोगों के संपर्क में था और उसके स्थानीय नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिबू पिछले चार-पांच दिनों से आनंद वाटिका में ठहरा हुआ था।
गुरुवार को रांची से फोरेंसिक टीम पहुंची, की जांच
मुठभेड़ की जांच के लिए गुरुवार को रांची से फोरेंसिक विभाग की टीम पहुंची। टीम ने शमशाद खान के घर के अंदर जाकर जांच की। इसके साथ ही मुठभेड़ स्थल से कुछ नमूने भी लिए। समाचार लिखे जाने तक टीम घटनास्थल पर ही मौजूद थी।
दो साथी फरार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
मुठभेड़ के दौरान शिबू के कुछ साथियों के भाग निकलने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शिबू निरसा में किस आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि वह किसी बड़ी वारदात की तैयारी में निरसा पहुंचा था।
मुठभेड़ के बाद भी आवास में कैंप
बुधवार शाम पुलिस ने आनंद वाटिका में घेराबंदी कर शिबू को पकड़ने की कार्रवाई की थी। पुलिस के अनुसार, शिबू ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ। उसके दोनों पैरों में गोलियां लगीं और उसे एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भी उसकी सुरक्षा कड़ी रखी गई है।
आनंद वाटिका के लोग हतप्रभ
मुठभेड़ के बाद आनंद वाटिका के निवासी भी हैरान हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि कुख्यात शूटर कई दिनों तक रेजिडेंसी में ठहरा रहा और इसकी भनक आसपास के लोगों को नहीं लगी। हालांकि, स्थानीय लोग इस मामले में खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। यह घर एक पशु तस्कर का है।
प्राथमिकी की तैयारी
निरसा थाना में शिबू के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस फिलहाल जांच के बिंदुओं को सार्वजनिक करने से बच रही है। सीसीटीवी और डीबीआर से मिलने वाले सुराग अब इस पूरे मामले की जांच में अहम कड़ी माने जा रहे हैं।
