जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड का शूटर शिबू धनबाद में मुठभेड़ में घायल, नीरज सिंह मर्डर में भी था शामिल
Dhanbad Police Encounter: धनबाद के निरसा में पुलिस मुठभेड़ में नीरज सिंह और निखार सबलोक हत्याकांड का शूटर सागर सिंह ...और पढ़ें

निखार सबलोक हत्याकांड का शूटर सागर धनबाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ मे घायल।
HighLights
धनबाद के निरसा में पुलिस मुठभेड़ में शूटर घायल।
सागर सिंह उर्फ शिबू के पैर में लगी गोली।
नीरज सिंह, निखार सबलोक हत्याकांड में था वांछित।
जागरण संवाददाता, निरसा (धनबाद)। Dhanbad Police Encounter: जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड का वांटेड सागर सिंह उर्फ शिबू धनबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसका धनबाद के एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा है।

मुठभेड़ धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी बुधवार की शाम हुई। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस की विशेष टीम पर कुख्यात अपराधी शिबू उर्फ सागर ने कथित तौर पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शिबू के पैर में दो गोली लगी।
पुलिस ने उसे इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया है। बताया जाता है कि विशेष टीम बुधवार को हाथबाड़ी स्थित शमशाद खान के आवास पर छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान शिबू उर्फ सागर सिंह उर्फ विजय सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
शिबू उर्फ सागर का नाम वर्ष 2017 में धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान सामने आया था। पुलिस ने उस समय उसे उत्तर प्रदेश के सुलतानगंज से गिरफ्तार किया था। वह इस मामले में मुख्य अभियुक्त और नामजद शूटर था।
हालांकि, अगस्त 2025 में धनबाद की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने नीरज सिंह हत्याकांड में साक्ष्यों के अभाव में पूर्व विधायक संजीव सिंह, सागर सिंह उर्फ शिबू समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया था। वर्तमान घटना में पुलिस शिबू के पास हथियार पहुंचने और उसके यहां मौजूद होने के कारणों की भी जांच कर रही है।
निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो ने बताया कि अपराधी शिबू ने पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी चार से पांच राउंड फायरिंग की। गोली उसके पैर में लगी है। वह पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहा था।
