धनबाद पुलिस के निशाने का जवाब नहीं! शूटर सागर को मारी पांच गोलियां, दोनों पैरों में दो-दो गोली आर-पार
UP Shooter Sagar Singh Encounter: धनबाद पुलिस ने निरसा में एक मुठभेड़ के दौरान शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू को गिरफ्तार किया, जिसमें उसके दोनों पैरों में चार गोलियां लगीं।

SNMMCH Dhanbad में शूटर सागर सिंह की सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश देते एसएसपी प्रभात कुमार। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद पुलिस ने मुठभेड़ में शूटर सागर सिंह को पकड़ा।
सागर सिंह के दोनों पैरों में लगीं चार गोलियां, हालत स्थिर।
पुलिस अन्य चार अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Police Encounter निशाना साधने में धनबाद पुलिस का जवाब नहीं है। बुधवार को धनबाद पुलिस ने निरसा में यूपी के सुल्तानपुर के बदमाश सागर सिंह उर्फ शिबू के साथ मुठभेड़ में निशाना साधकर पांच गोलियां चलाईं। पांच में से चार गोलियां शिबू के पैर में आर-पार हो गईं।
एक्स-रे में चार गोली लगने की पुष्टि
दाहिने पैर में दो गोलियां और बाएं पैर में दो गोलियां लगी हैं। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH Dhanbad) की इमरजेंसी में आने के बाद डॉक्टरों की टीम ने सागर का इलाज शुरू किया।

एक्स-रे जांच में पाया गया कि गोलियां आर-पार हो गई हैं। ऐसी स्थिति में ऑपरेशन करने की आवश्यकता नहीं है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में शूटर सागर सिंह का इलाज सर्जिकल आईसीयू में चल रहा है।
डॉक्टरों ने बताया कि मरीज की स्थिति पर अभी 72 घंटे तक निगरानी रखी जा सकती है। हालांकि, वह खतरे से बाहर है। शूटर के गंभीर अवस्था में अस्पताल आने के बाद डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया।
एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी पहुंचे अस्पताल
घटना के बाद एसएसपी प्रभात कुमार अस्पताल के इमरजेंसी विभाग पहुंचे। उन्होंने सागर सिंह को मिल रहे इलाज की जानकारी ली। स्थानीय पुलिस जख्मी से बातचीत कर आगे की जानकारी ले रही है। एसएसपी ने बताया कि लगभग पांच अपराधी धनबाद में कोई बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए आए हैं।
मंगलवार को ही इसकी सूचना पुलिस को मिल गई थी। इसके बाद पुलिस पदाधिकारियों की एक कमेटी बनाई गई। कमेटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सघन अभियान शुरू कर दिया। इसी का परिणाम है कि एक शूटर सागर सिंह पकड़ा गया है।
यह भी पढ़ें- Nikhar Sablok Murder Case: शूटर शिबू धनबाद में पुलिस मुठभेड़ में घायल, नीरज सिंह हत्याकांड में भी था शामिल
बाकी अपराधियों की तलाश के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। उनके साथ सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
शूटर के अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई है। अस्पताल में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सर्जिकल आईसीयू के बाहर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति को अंदर आने नहीं दिया जा रहा है। इमरजेंसी विभाग में हर जगह पुलिस की तैनाती की गई है।
