धनबाद पुलिस को मिली 40 नई बोलेरो और 45 बाइक, गश्ती व्यवस्था होगी मजबूत
धनबाद पुलिस को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए 40 नई बोलेरो गाड़ियां और लगभग 45 नई बाइक मिली हैं। रांची में आयोजित कार्यक्रम में ये वाहन सौंपे गए।
-1773459432844_m.webp)
धनबाद पुलिस। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
धनबाद पुलिस को 40 नई बोलेरो और 45 बाइक मिलीं।
नए वाहनों से गश्ती व्यवस्था और प्रभावी बनेगी।
थानों में वाहनों की कमी पूरी होगी, प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए धनबाद पुलिस को बड़ी सौगात मिली है।
शुक्रवार को रांची में आयोजित कार्यक्रम में धनबाद पुलिस को 40 नई बोलेरो गाड़ियां सौंपी गईं। इसके साथ ही जिले को करीब 45 नई बाइक भी मिलेगा।
नये वाहनों के मिलने पर जिला पुलिस को गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों का उपयोग कंपोजिट कंट्रोल रूम के साथ-साथ उन थानों में किया जाएगा जहां वाहनों की कमी है।
कई थानों में लंबे समय से पुराने और जर्जर वाहन चल रहे थे, जिससे गश्ती और त्वरित कार्रवाई में परेशानी होती थी। अब नए वाहनों के आने से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और तेज होने की उम्मीद है।
प्राथमिकता के आधार पर मिलेंगे नए वाहन
जिला पुलिस मुख्यालय की ओर से थानों में उपलब्ध वाहनों की स्थिति की समीक्षा शुरू कर दी गई है। जिन थानों में वाहनों की कमी है या पुराने वाहन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर नए वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गश्ती व्यवस्था के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी पुलिस को मदद मिलेगी।
बताया जा रहा है कि नई बोलेरो गाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से जिले के विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों को दिया जाएगा। वहीं नई बाइक मिलने के बाद ग्रामीण और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की निगरानी और अधिक तेज हो सकेगी।
राज्य सरकार की पहल के तहत झारखंड पुलिस को आधुनिक संसाधनों से लैस करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
यह भी पढ़ें- देवघर पुलिस को सौगात, 67 नए वाहनों के साथ अब सड़कों पर उतरेगी खाकी