अभिजीत हत्याकांड में बड़ा एक्शन: धनबाद थाने से कोर्ट परिसर तक पैदल परेड, तीन आरोपी जेल भेजे गए
धनबाद पुलिस ने चर्चित अभिजीत हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे कुल गिरफ्तारियां पांच हो गई हैं।

धनबाद कोर्ट परिसर में अभिजीत हत्याकांड के तीन आरोपियों की पुलिस ने कराई पैदल परेड। (फोटोः अमित सिन्हा)
HighLights
धनबाद पुलिस ने अभिजीत हत्याकांड में तीन और आरोपी पकड़े।
कुल पांच आरोपी गिरफ्तार, कड़ी सुरक्षा में कोर्ट ले जाए गए।
अभिजीत की होटल में पिटाई के बाद हुई थी मौत।
डिजिटल डेस्क, धनबाद। चर्चित अभिजीत हत्याकांड में धनबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। इससे पहले पुलिस दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कड़े सुरक्षा घेरे में कोर्ट तक पैदल परेड
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैदल मार्च कराते हुए कोर्ट परिसर तक पहुंचाया। इस दौरान सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
आधुनिक हथियारों से लैस पुलिस जवानों के घेरे में आरोपियों को कोर्ट ले जाया गया। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करना और आम लोगों में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा कायम करना बताया जा रहा है।
होटल में बेरहमी से पीटा गया था अभिजीत
पुलिस के अनुसार, अभिजीत के साथ एक स्थानीय होटल में बेरहमी से मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया था, जिसके बाद पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
अन्य संदिग्धों की तलाश में दबिश जारी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।
मामले में फरार अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कोर्ट में पेशी की औपचारिकता पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को धनबाद मंडल कारा भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- धनबाद बर्थडे पार्टी विवाद: अभिजीत सिंह की मौत के बाद पिता ने थाने में दर्ज कराई FIR, पांच आरोपित फरार
यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर बच्चों की मौज, धनबाद के स्कूलों में नौ तो कॉलेजों में 12 दिन की छुट्टी
