ईसाई धर्म अपनाने वाले दंपती ने लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
बलियापुर सांवलापुर गांव के आदिवासी टोला में दो माह पूर्व दो परिवारों के ईसाई धर्म अपनाए जाने पर काफी हंगामा हुआ था।
बलियापुर : सांवलापुर गांव के आदिवासी टोला में दो माह पूर्व दो परिवारों के ईसाई धर्म अपनाए जाने की घटना के बाद बवाल हुआ था। मामले को शांत करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। अब इनमें से एक परिवार ने नजदीकी रिश्तेदारों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिवार में सहदेव टुडू व उनकी पत्नी सावित्री देवी हैं। हालांकि दो माह पूर्व बवाल होने पर सहदेव ने ईसाई धर्म नहीं अपनाने की बात कही थी। पत्नी के इसमें शामिल होने की बात कही थी। अब सहदेव का कहना है कि जब पत्नी कहीं जाती है तो उसे भी साथ जाना पड़ता है। मंगलवार को पति-पत्नी दो छोटे बच्चों के साथ बलियापुर थाना पहुंचे। बलियापुर थाना प्रभारी को आवेदन देकर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। दंपती ने पुलिस से कहा कि नजदीकी रिश्तेदार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। घर से निकाल देने का आरोप भी रिश्तेदारों पर लगाया। कहा कि रविवार की देर शाम उन्हें सपरिवार घर से निकाल दिया गया। घर के परिसर में ही एक चाला में दोनों बच्चों के साथ रात गुजारी। सोमवार की रात उसी तरह गुजारने के बाद मंगलवार को थाना पहुंचे। शिकायत के बाद बलियापुर थाना पुलिस सावलापुर गांव पहुंची। लोगों को समझाने का प्रयास किया। पति-पत्नी देर शाम तक बलियापुर थाना में ही थे। इनका कहना है कि बगैर पुलिस के साथ लिए वह गांव नहीं जाएगा। थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने कहा कि फिलहाल वह बाहर हैं। उक्त दंपती के परिवार के बीच संपत्ति बंटवारे का विवाद है। छानबीन की जा रही है।