BBMKU Dhanbad: एलएलबी-बीए एलएलबी के विद्यार्थियों को राहत, विशेष परीक्षा की तिथि घोषित
BBMKU Dhanbad: एलएलबी और बीए एलएलबी सेमेस्टर दो के अनुपस्थित छात्रों को आंतरिक परीक्षा का एक और मौका मिल रहा ...और पढ़ें

बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU), धनबाद ने एलएलबी सेमेस्टर-दो और बीए एलएलबी सेमेस्टर-दो सत्र 2025 के वैसे छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया है, जो किसी कारणवश अपनी आंतरिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। विश्वविद्यालय की ओर से ऐसे विद्यार्थियों के लिए विशेष आंतरिक परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर दी गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, नियमित सत्र 2025 के विद्यार्थियों की विशेष आंतरिक परीक्षा 23 अक्टूबर से छह नवंबर तक आयोजित की जाएगी। वहीं, ओल्ड सत्र के विद्यार्थियों की परीक्षा 23 अक्टूबर से पांच नवंबर तक चलेगी। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय ने नियमित और ओल्ड सत्र के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग विषयवार परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। इस विशेष अवसर से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो पूर्व में किसी कारण से आंतरिक परीक्षा नहीं दे पाए थे। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने विषयवार परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में शामिल हों।
