विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राशि उपलब्ध, फिर भी दुर्गा पूजा पर नहीं मिला कर्तव्य भत्ता; होमगार्ड जवानों में आक्रोश

Published: Wed, 14 Oct 2026 02:16 PM (IST)

धनबाद में स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों और अन्य जगहों पर तैनात होमगार्ड जवानों को दो-तीन माह से कर्तव्य भत्ता नहीं मिला है, जिससे वे दुर्गा पूजा से पहले नाराज हैं।

झारखंड होम गार्ड । (प्रतीकात्मक फोटो)

झारखंड होम गार्ड । (प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। दुर्गा पूजा शुरू हो चुकी है। हर व्यक्ति पूजा को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन धनबाद जिले में स्वास्थ्य विभाग के तहत काम कर रहे होमगार्ड जवान ऐसे हैं जिन्हें बीते दो माह से उनके कर्तव्य भत्ते का भुगतान नहीं हुआ है।

यह हाल तब है जबकि स्वास्थ्य विभाग को भुगतान के लिए राशि पहले से प्राप्त है। ऐसे में जवानों में रोष और नाराजगी है। जवानों से जुड़े झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने पूजा पूर्व कर्तव्य भत्ता भुगतान की मांग की है।

जिले के शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में सुरक्षा के लिए कुल 57 होमगार्ड जवानों को लगाया गया है। ये तीन भागों में नियुक्त हैं। मेडिकल में तैनात जवानों का कर्तव्य भत्ता एक माह का बकाया है, जबकि अस्पताल एवं अन्य जगहों पर तैनात जवानों को अगस्त और सितंबर माह का भुगतान नहीं हुआ है।

इसी प्रकार से मैथन डीवीसी के जवानों का भी भुगतान बाकी है। वहीं धनबाद अंचल कार्यालय में ड्यूटी कर रहे जवानों का बीते तीन माह से भत्ता नहीं मिला है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी ने कहा कि यह घोर लापरवाही है कि राशि रहते हुए भी भुगतान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन जल्द से जल्द कर्तव्य भत्ते का भुगतान करे।

अस्पताल अधीक्षक और प्राचार्य का कड़ा आदेश

भत्ता भुगतान नहीं होने पर डीआइजी गृहरक्षा वाहिनी ने सरकार को पत्र देकर राशि उपलब्ध कराने की मांग की थी, जिसके जवाब में स्वास्थ्य चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अवर सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने अस्पताल के प्राचार्य और अधीक्षक को कड़ा पत्र देते हुए कहा कि भत्ता मद में अस्पताल को राशि पहले ही दे दी गई, इसके बावजूद भी भुगतान नहीं हुआ। सचिव ने तत्काल भुगतान का आदेश दिया है।

यह भी पढ़ें- दैनिक जागरण के डांडिया नाइट में सजी सुरों का महफिल, सुस्वाति मल्लिक संग झूमे धनबादवासी

यह भी पढ़ें- धनबाद बाजार समिति में दुकानों का किराया 19 साल बाद बढ़ा, नवंबर से 9 रुपये प्रति वर्गफुट वसूली