विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में 1.49 करोड़ से संवरेगा सरकारी ढांचा, कैफेटेरिया, थाना और स्कूल के जीर्णोद्धार की तैयारी

Published: Tue, 22 Sep 2026 04:23 PM (IST)

Dhanbad News: धनबाद जिले में गोविंदपुर प्रखंड कार्यालय में 14.53 लाख रुपये की लागत से जलपान गृह का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

गोविंदपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में बनेगा कैफेटेरिया (प्रतीकात्मक फोटो)

गोविंदपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में बनेगा कैफेटेरिया (प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद जिले के गोविंदपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में कर्मियों और आम लोगों की सुविधा के लिए 14 लाख 53 हजार 100 रुपये की लागत से जलपान गृह (कैफेटेरिया) का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

वहीं, पेतिया पंचायत में पुलिस स्टेशन व जेआरएमए के प्रस्तावित जीर्णोद्धार एवं नव निर्माण पर 99 लाख 85 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा तोपचांची प्रखंड के निमटांड़ स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के जीर्णोद्धार एवं निर्माण के लिए 34 लाख 70 हजार 450 रुपये की योजना तैयार की गई है।

भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल धनबाद की ओर से इन योजनाओं के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। योजनाओं के धरातल पर उतरने से सरकारी कार्यालय, पुलिस व्यवस्था और शिक्षा के क्षेत्र में स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।

दो माह में तैयार होगा कैफेटेरिया

गोविंदपुर प्रखंड कार्यालय में जलपान गृह का जीर्णोद्धार जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से कराया जाएगा। योजना की प्राक्कलित राशि 14 लाख 53 हजार 100 रुपये है। निविदा में अग्रधन की राशि 29 हजार 100 रुपये और परिमाण विपत्र का मूल्य 2500 रुपये निर्धारित किया गया है। कार्य को दो माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

आम लोगों को परिसर में ही मिलेगी जलपान की सुविधा

प्रखंड कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम लोग विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में परिसर में चाय-नाश्ते की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को बाहर जाना पड़ता है।

कैफेटेरिया के शुरू होने से कार्यालय आने वाले लोगों और कर्मचारियों को परिसर में ही स्वच्छ व किफायती जलपान की सुविधा मिल सकेगी। इससे लोगों का समय भी बचेगा। महिला स्वयं सहायता समूहों को संचालन से जोड़कर रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने की संभावना भी बन सकती है।

गोरटोपा में खाद्य प्रसंस्करण इकाई का भी होगा जीर्णोद्धार

गोविंदपुर प्रखंड के गोरटोपा में खाद्य प्रसंस्करण इकाई के जीर्णोद्धार के लिए भी निविदा जारी की गई है। इस योजना की प्राक्कलित राशि 12 लाख सात हजार रुपये है। इकाई के जीर्णोद्धार से स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी गतिविधियों को बेहतर आधार मिलने की उम्मीद है।

पेतिया में 99.85 लाख से थाना भवन व अन्य निर्माण

भवन प्रमंडल की ओर से पेतिया पंचायत में पुलिस स्टेशन (पीएस) और झारखंड राज्य ग्रामीण आजीविका संवर्धन संस्थान (जेआरएमए) के प्रस्तावित जीर्णोद्धार एवं नव निर्माण के लिए भी निविदा निकाली गई है।

योजना की प्राक्कलित राशि 99 लाख 85 हजार रुपये है। अग्रधन की राशि एक लाख 99 हजार 700 रुपये और परिमाण विपत्र का मूल्य 10 हजार रुपये रखा गया है। कार्य को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना पूरी होने से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था से जुड़े आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।

निमटांड़ स्कूल भवन का भी होगा कायाकल्प

तोपचांची प्रखंड के निमटांड़ स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य के लिए भी निविदा आमंत्रित की गई है। इसकी प्राक्कलित राशि 34 लाख 70 हजार 450 रुपये है। विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार और आवश्यक निर्माण कार्य पूरे होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- कोल इंडिया कर्मचारियों को ₹1 लाख का प्रोत्साहन, वैधानिक दक्षता प्रमाणपत्र हासिल करने पर मिलेगा लाभ

यह भी पढ़ें- धनबाद में रेलवे और जिला परिषद के बीच जमीन विवाद फिर गरमाया, जेसीबी पर ब्रेक