विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Dhanbad Durga Puja: पेंसिल के छिलकों से मां दुर्गा का दिव्य रूप, बरमसिया में अनोखी प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

Published: Mon, 19 Oct 2026 06:26 PM (IST)

धनबाद के बरमसिया में दुर्गा पूजा के अवसर पर पेंसिल, शार्पनर और इरेजर से बनी मां दुर्गा की अनोखी प्रतिमा श्रद्धालुओं का मुख्य आकर्षण बनी हुई है।

धनबाद के बरमसिया में किताब-कॉपी वाली पेंसिल से मां दुर्गा का भव्य रूप। (फोटो जागरण)

धनबाद के बरमसिया में किताब-कॉपी वाली पेंसिल से मां दुर्गा का भव्य रूप। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. पेंसिल, शार्पनर, इरेजर से बनी मां दुर्गा की प्रतिमा।

  2. गया के कारीगरों ने एक लाख रुपये में किया निर्माण।

  3. बरमसिया में 56 वर्षों से हो रहा दुर्गा पूजा आयोजन।

जागरण संवाददाता, धनबाद। बरमसिया में दुर्गा पूजा के अवसर पर इस बार मां दुर्गा की अनोखी प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिमा का निर्माण पेंसिल, शार्पनर और इरेजर (रबर) जैसी पाठ्य सामग्री से किया गया है।

पेंसिल के टुकड़ों और छिलकों का बारीकी से इस्तेमाल कर कारीगरों ने प्रतिमा को मनमोहक रूप दिया है। वहीं, शार्पनर और रबर का कलात्मक प्रयोग इसकी सुंदरता को और बढ़ा रहा है। अनूठी कलाकारी को देखने के लिए श्रद्धालु पूजा पंडाल पहुंच रहे हैं।

एक लाख रुपये की लागत से बनी प्रतिमा

पूजा समिति के सदस्य राहुल मिश्रा ने बताया कि मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण बिहार के गया से आए कारीगरों ने किया है। इसे तैयार करने में लगभग एक लाख रुपये की लागत आई है।

प्रतिमा में पेंसिल के छिलकों और छोटे-छोटे टुकड़ों को इस तरह सजाया गया है कि इसकी बनावट अलग दिखाई देती है। कारीगरों की मेहनत और बारीक कलाकारी प्रतिमा को खास बना रही है।

56 वर्षों से हो रहा पूजा का आयोजन

बरमसिया में पिछले 56 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। यहां हर साल प्रतिमा निर्माण में नए प्रयोग किए जाते हैं। पिछले वर्षों में मेडिसिन और बिंदी जैसी सामग्री से भी मां दुर्गा की प्रतिमा बनाई गई थी।

इस बार पाठ्य सामग्री का इस्तेमाल कर नया प्रयोग किया गया है। पंडित तापस घोषाल ने बताया कि मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए 1200 भक्तों ने थाली अर्पित की है।

राम-रहीम की जोड़ी का हुआ सम्मान

सोमवार को इस अनोखी प्रतिमा के दर्शन करने लोयाबाद की राम-रहीम की जोड़ी भी बरमसिया पहुंची। पूजा समिति के अध्यक्ष मदन महतो और कल्लू चौधरी सहित अन्य सदस्यों ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर व मां दुर्गा की तस्वीर देकर स्वागत और सम्मानित किया।

मौके पर समिति के सचिव रमेश राय, कोषाध्यक्ष अमित पंडित, सदस्य रवि पासवान, संदीप राहुल और विजय सहित अन्य लोग मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- बांग्ला की ताड़ाताड़ी से मगही की बतकही तक, दुर्गापूजा के मेले में धनबाद का अनोखा रंग

यह भी पढ़ें- Coal India: त्योहारी सीजन में बीसीसीएल का बड़ा कदम, कोयला उत्पादन निगरानी के लिए मुख्यालय के अधिकारी तैनात