दुर्गा पूजा में नहीं बजेगा डीजे, धनबाद एसएसपी ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
धनबाद पुलिस ने दुर्गा पूजा के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की सख्त तैयारी की है, जिसमें पूजा पंडालों में ...और पढ़ें

दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक करते धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार। (फोटो साैजन्य)
HighLights
पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर लाइसेंस होगा रद्द।
धनबाद को आठ जोन और तीन सुपर जोन में बांटा गया।
सीसीटीवी और अग्नि सुरक्षा उपाय पंडालों में अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, धनबाद। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला पुलिस ने सख्त तैयारी शुरू कर दी है। पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर संबंधित पूजा समिति का लाइसेंस तत्काल रद किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ डीजे जब्त करने और साउंड आपरेटर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया है। मंगलवार की देर शाम समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आइपीएस अंकित सिन्हा समेत सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक और थाना-ओपी प्रभारी मौजूद थे।
पूजा के दौरान सुरक्षा, पंडालों की निगरानी, यातायात, रात्रि गश्ती, चोरी-गृहभेदन पर रोक और आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर रणनीति बनाई गई।
हर पंडाल का थाना प्रभारी करेंगे निरीक्षण
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र की पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा निर्देशों का पालन कराने को कहा। थाना प्रभारी प्रत्येक पंडाल का निरीक्षण करेंगे।
पंडालों में सीसीटीवी कैमरा और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम अनिवार्य होंगे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाने का भी निर्देश दिया गया है।
पंडाल के पास सहायता केंद्र बनाया जाएगा, जहां पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अस्पताल, अग्निशमन और बिजली विभाग समेत जरूरी सेवाओं के नंबर प्रदर्शित करने होंगे।
आठ जोन में बंटा जिला, तीन सुपर जोन से निगरानी
चोरी और गृहभेदन पर रोक के लिए जिले के थाना क्षेत्रों को आठ जोन में बांटा गया है। प्रत्येक रात इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी अपने जोन में भ्रमणशील रहकर गश्ती की निगरानी करेंगे।
इन आठ जोन को तीन सुपर जोन में बांटा गया है। डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी अपने-अपने सुपर जोन में गश्ती व्यवस्था की निगरानी करेंगे। एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी भी रात में क्षेत्र में भ्रमण कर औचक निरीक्षण करेंगे।
यातायात व्यवस्था के लिए विशेष योजना
पूजा के दौरान आटो-टोटो की मनमानी, गलत जगह वाहन खड़ा करने और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
श्रमिक चौक की जर्जर सड़क और बरमसिया पुल के पास एफसीआई वाहनों के खड़े होने से होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए भी संबंधित विभाग से समन्वय करने को कहा गया।
दो माह में आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों का निष्पादन
एसएसपी ने आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों की समीक्षा कर अगले दो माह में उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही, नियमों की अनदेखी या गश्ती में कोताही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें- SNMMCH Dhanbad: न दवा मिली, न इलाज, अस्पताल से भागा संदिग्ध जापानी इंसेफेलाइटिस मरीज
यह भी पढ़ें- झारखंड SIR 2026: दावा-आपत्ति के लिए अब सिर्फ 1 दिन शेष, तुरंत करें आवेदन
