धनबाद जिला कांग्रेस ने बदला फैसला, मनोज सिंह समेत तीन नेताओं की हुई घर वापसी
Dhanbad Congress Politics: धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने तीन नेताओं-एसके शाही, रामचंद्र शर्मा और मनोज कुमार सिंह का निष्कासन वापस ले लिया है।

कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते मनोज सिंह। (फाइल फोटो)
HighLights
धनबाद कांग्रेस ने तीन नेताओं का निष्कासन वापस लिया।
एसके शाही, रामचंद्र शर्मा, मनोज कुमार सिंह की वापसी हुई।
नेताओं ने पार्टी सिद्धांतों के पालन का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने तीन नेताओं के निष्कासन का निर्णय वापस ले लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह कार्यालय प्रभारी मधुसूदन सिंह चौधरी ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। जिन नेताओं का निष्कासन वापस लिया गया है, उनमें एसके शाही, रामचंद्र शर्मा और मनोज कुमार सिंह शामिल हैं।
पत्र के अनुसार, तीनों नेताओं के आवेदन पर जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उनके द्वारा पत्र के माध्यम से भरोसा दिलाया गया था कि भविष्य में वे किसी भी प्रकार की पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे।
साथ ही कांग्रेस पार्टी के सिद्धांतों, विचारधारा और अनुशासन पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। तीनों नेताओं ने कहा है कि वे पार्टी की मजबूती के लिए मिलकर काम करेंगे। वहीं, जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने तीनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया है।
कहा कि ये लोग कांग्रेस के पुराने नेता रहे हैं, इनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। आवेदन में व्यक्त भावनाओं और आश्वासनों के साथ सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों पर विचार करने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने निष्कासन वापस लेने का निर्णय लिया।
पत्र में उम्मीद जताई गई है कि तीनों नेता भविष्य में पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों का पालन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा कांग्रेस के उद्देश्यों की पूर्ति में सक्रिय योगदान देंगे। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान हुई थी कार्रवाई
लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान कांग्रेस ने धनबाद से अनुपमा सिंह को प्रत्याशी बनाया था। इस दौरान तीनों नेताओं पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगा था।
यह भी पढ़ें- धनबाद कांग्रेस का ढांचा बदला, चेहरा पुराना; संतोष सिंह को शहरी अध्यक्ष की कमान, ग्रामीण प्रभार भी संभालेंगे
यह भी पढ़ें- Jharkhand Politics: धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में कांग्रेस का होगा बंटवारा, शहरी और ग्रामीण कमेटियां बनेंगी
