विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद कांग्रेस का ढांचा बदला, चेहरा पुराना; संतोष सिंह को शहरी अध्यक्ष की कमान, ग्रामीण प्रभार भी संभालेंगे

By Ravi Shankar SinghEdited By: Mritunjay Pathak
Published: Sun, 18 Oct 2026 08:39 PM (IST)

कांग्रेस ने धनबाद में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए संतोष कुमार सिंह को शहरी जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

धनबाद महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष सिंह (बीच में)। ( फाइल फोटो)

धनबाद महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष सिंह (बीच में)। ( फाइल फोटो)

HighLights

  1. संतोष कुमार सिंह धनबाद शहरी कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त।

  2. ग्रामीण जिला कांग्रेस का अतिरिक्त प्रभार भी मिला।

  3. कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की मिली जिम्मेदारी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद में भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस भी अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुट गई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को अलग-अलग स्तर पर सक्रिय करने की रणनीति के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संतोष कुमार सिंह को धनबाद शहरी जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

Jharkhand Congress

साथ ही उन्हें अगले आदेश तक ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। ऐसे में फिलहाल जिले के दोनों संगठनात्मक क्षेत्रों की जिम्मेदारी संतोष सिंह के कंधों पर होगी।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की स्वीकृति के बाद नवगठित जिला कांग्रेस कमेटियों के गठन की प्रक्रिया के तहत यह निर्णय लिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू के निर्देशानुसार जारी अधिसूचना में नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

शहरी और ग्रामीण संगठन को मजबूत करने की चुनौती

भाजपा की तरह जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। धनबाद में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियां अलग-अलग हैं। ऐसे में दोनों क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करना, बूथ स्तर तक संगठन की पहुंच बढ़ाना और जनहित के मुद्दों पर पार्टी की सक्रियता बनाए रखना संतोष सिंह के लिए बड़ी चुनौती होगी।

कांग्रेस के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए पार्टी को तैयार करने की भी जिम्मेदारी है। शहरी और ग्रामीण इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना इस रणनीति का अहम हिस्सा होगा।

दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार

दोबारा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर संतोष कुमार सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है। उन्होंने नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने की प्रतिबद्धता जताई। अब देखना होगा कि दोहरी जिम्मेदारी के साथ वह धनबाद में कांग्रेस संगठन को कितना सक्रिय और मजबूत बना पाते हैं।