विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोविंदपुर के केके बीएड कॉलेज में प्राचार्य आफिस में कंप्यूटर ऑपरेटर ने की आत्महत्या, प्रबंधन ने मानी मांगें

Published: Wed, 07 Oct 2026 12:19 PM (IST)

Dhanbad News: गोविंदपुर के केके बीएड कॉलेज में कंप्यूटर ऑपरेटर अनूप कुमार सेन ने प्राचार्य कार्यालय में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

KK B.Ed College Govindpur के प्राचार्य कक्ष में कंप्यूटर आपरेटर की आत्महत्या की सूचना के बाद जांच को पहुंची पुलिस और जुटे लोग। (फोटो जागरण)

KK B.Ed College Govindpur के प्राचार्य कक्ष में कंप्यूटर आपरेटर की आत्महत्या की सूचना के बाद जांच को पहुंची पुलिस और जुटे लोग। (फोटो जागरण)

संवाद सूत्र, गोविंदपुर (धनबाद)। केके ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस कैंपस स्थित केके बीएड कालेज के प्राचार्य कार्यालय में मंगलवार को कंप्यूटर आपरेटर अनूप कुमार सेन (32) ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीके सिंह आवश्यक कार्य से धनबाद गए हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही कालेज परिसर में अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में मृतक के स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण संस्थान पहुंचे और मुआवजा व आश्रित को नियोजन देने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।

अनूप कुमार सेन गोविंदपुर के कुरची गांव निवासी भरत चंद्र सेन के पुत्र थे। घटना मंगलवार शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले करीब चार बजे अनूप ने कॉलेज के गार्ड के साथ चाय पी थी। इसके बाद गार्ड किसी काम से थोड़ी देर के लिए बाहर चला गया। वापस लौटने पर उसने प्राचार्य कक्ष का दरवाजा अंदर से बंद पाया। खिड़की से झांककर देखने पर अनूप को पंखे से झूलता देखा।

गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना संस्थान के प्रशासक अमित कुमार ओझा और मालिक रवि चौधरी को दी। सूचना मिलते ही वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

वार्ता के बाद मांगों पर बनी सहमति

अनूप की मौत की खबर मिलते ही कुरची सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन और ग्रामीण संस्थान पहुंचे तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रबंधन के समक्ष मुआवजे और आश्रितों की सहायता की मांग रखी।

ग्रामीणों व संस्थान प्रबंधन के बीच वार्ता के बाद प्रबंधन ने 10 लाख रुपये मुआवजा देने, मृतक की पत्नी को योग्यता के आधार पर संस्थान में नियोजन तथा दोनों बच्चों को 12वीं कक्षा तक निश्शुल्क शिक्षा देने पर सहमति जताई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मौके पर बागसुमा मुखिया नीमाई महतो, देवली मुखिया शांति राम रजवार, कुश महतो, लालमोहन महतो, चुन्नी मजूमदार, शिशिर रवानी और मृतक के भाई मोहन सेन समेत अन्य लोग मौजूद थे।

एक साल पहले संस्था से जुड़े थे अनूप

बताया जाता है कि अनूप कुमार सेन पूर्व में हाकर का काम करते थे। करीब एक वर्ष पहले वह केके ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस से जुड़े थे।

उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। दोनों बच्चों की उम्र महज पांच और तीन वर्ष है। अनूप की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें- मेडिकल छात्रों के लिए अच्छी खबर, SNMMCH Dhanbad में शिशु रोग PG की 5 सीटों को मान्यता मिलने की उम्मीद

यह भी पढ़ें- BIT Sindri ने आईआईसी 7.0 में 3-स्टार रेटिंग हासिल कर नवाचार में परचम लहराया