धनबाद में कोयले की लूट की खुली छूट, रोकने के लिए 'सुपर एसपी' की भूमिका में विधायक अरूप चटर्जी
Dhanbad Coal Theft: धनबाद कोयलांचल में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला चोरी और खनन जारी है, जिसमें पुलिस की कथित ...और पढ़ें

ECL की राजा कोयलिरी में कोयले की चोरी रोकने पहुंचे विधायक अरूप चटर्जी और अन्य। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, निरसा (धनबाद)। धनबाद कोयलांचल में एक बार फिर युद्ध स्तर पर कोयले की चोरी शुरू हो गई है। जगह-जगह कोयले की अवैध खदानें चल रही हैं। इसके साथ ही बीसीसीएल और ईसीएल में काम कर रही आउटसोर्सिंग कंपनियों से भी बड़े पैमाने पर कोयले की खुलेआम लूट हो रही है।
आरोप है कि यह सब अघोषित रूप से धनबाद पुलिस की अनुमति से हो रहा है। इसके लिए हर माल का रेट तय है। न किसी पैरवी की जरूरत है और न ही किसी खास पहुंच की। पुलिस के लोग हर क्षेत्र में ट्रकों की गिनती कर पैसे वसूलते हैं। पैसा दीजिए और बेरोकटोक ट्रकों से कोयला ले जाइए।
कोयले की इस लूट के खिलाफ भाकपा माले के निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने मोर्चा खोल दिया है। वह इन दिनों सुपर एसपी की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वह पहले भी कोयला चोरी के खिलाफ अभियान चला चुके हैं। कोयला लोड ट्रकों को पकड़ने के लिए जीटी रोड पर जनता चेक पोस्ट लगा चुके हैं।
बुधवार को भाजपा माले के विधायक चटर्जी ने ईसीएल की राजा कोलियरी पहुंचकर विभिन्न अवैध खनन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध खनन को देखकर वह हैरान रह गए। उन्होंने मौके पर संबंधित लोगों और अधिकारियों को अवैध खनन तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि निरसा क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबारियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि क्षेत्र में कोई भी सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निरसा में उत्पादित कुल कोयले का 25 प्रतिशत से अधिक हिस्सा अवैध कारोबारियों के हाथों बाहर जा रहा है। इससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है।
विधायक ने पुलिस और ईसीएल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोलियरी प्रबंधन की जिम्मेदारी खदानों की सुरक्षा, अवैध खनन पर रोक और सरकारी संपत्ति की रक्षा करना है। इसके बावजूद खुलेआम अवैध खनन होना प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने बताया कि अवैध खनन का दायरा इतना बढ़ गया है कि उनका अपना घर भी इसकी चपेट में आ गया है। यह स्थिति क्षेत्र में खतरे की गंभीरता को दर्शाती है।
विधायक ने चेतावनी दी कि अवैध खनन और कोयले के गैरकानूनी कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ईसीएल प्रबंधन और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से तत्काल ठोस कार्रवाई कर अवैध खनन पर रोक लगाने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।