धनबाद-बोकारो रोड पर छह महीने बाद खत्म होगा संकट केंदुआडीह में दुर्गापूजा से पहले खुलेगी बंद सड़क
धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह के पास भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण छह महीने से बंद सड़क को दुर्गापूजा से पहले खोलने की तैयारी तेज हो गई है।

धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह में बने गड्ढे की तेजी से हो रही भराई। (फोटो जागरण)
HighLights
केंदुआडीह में भू-धंसान से बंद सड़क छह माह बाद खुलेगी।
धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर मरम्मत कार्य तेजी से जारी।
दुर्गापूजा से पहले हल्के वाहनों के लिए रास्ता खुलेगा।
संवाद सूत्र, केंदुआ (धनबाद)। धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह के पास भू-धंसान के कारण बंद सड़क को करीब छह महीने बाद फिर से चालू करने की तैयारी तेज हो गई है। 16 अप्रैल 2026 को केंदुआडीह थाना के समीप सड़क करीब दो फीट धंसने और जगह-जगह दरारें पड़ने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया था।
हालांकि, इस इलाके में भूमिगत आग और जहरीली गैस रिसाव की समस्या दिसंबर 2025 से ही बनी हुई थी। सड़क धंसने के बाद खतरा और बढ़ गया था।
विशेषज्ञों की सलाह पर सड़क की मरम्मत और सुरक्षित बनाने का काम शुरू किया गया। अगस्त में मरम्मत कार्य शुरू होने की जानकारी सामने आई थी और सितंबर में भी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया।
अब जिला प्रशासन ने दुर्गापूजा से पहले सड़क दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल हल्के वाहनों का परिचालन शुरू करने की तैयारी है। हालांकि, अंतिम निर्णय सड़क की सुरक्षा जांच के बाद होगा।
केंदुआडीह थाना के समीप पुराने जीएम बंगले के पास गैस रिसाव और धंसान से महीनों से बंद धनबाद बोकारो मुख्य सड़क की भराई का काम बुधवार दोपहर से तेजी से शुरू कर दिया गया। तीन दिनों के अंदर भराई का काम पूरा होने और सड़क चालू होने की संभावना है।
इससे लोगों के आने जाने और दो पहिया, चार पहिया वाहनों के आवागमन के सुचारू रूप से शुरू होने की उम्मीद है। सड़क भराई के काम में केंदुआडीह प्रबंधन ने खैरा में संचालित आउट सोर्सिंग कर्मियों और वाल्वो गाड़ियों को भी लगाया है।
विधायक राज सिन्हा ने बुधवार शाम प्रभावित स्थल पर पहुंच कार्य का जायजा लिया। बताया कि दुर्गा पूजा के पहले वाहनों के आवागमन के लिए सड़क तैयार कर दिया जाएगा।
बाद में विधायक ने खैरा आउट सोर्सिंग प्रबंधक श्रीराम पांडेय से भी वार्ता की। उन्होंने आश्वस्त किया कि साधन और जुगाड़ मिला तो सड़क भराई का काम गुरुवार शाम तक पूरा कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में हलचल, झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट; दुर्गापूजा पर भी पड़ेगा असर
यह भी पढ़ें- BCCL में बड़े पैमाने पर तबादला, एक झटके में बदल गए एमएम विभाग के 16 अधिकारी
