विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3 माह से वेतन नहीं मिला तो भड़के आउटसोर्सिंग कर्मी, BCCL की बांसजोड़ा कोलियरी के पीओ को तीन घंटे बनाया बंधक

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:58 PM (IST)

Dhanbad News: बांसजोड़ा कोलियरी में वेतन न मिलने से नाराज आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मचारियों ने पीओ को बंधक बना लिया। ...और पढ़ें

BCCL Bansjoda Colliery के पीओ का घेराव करते मजदूर। (फोटो जागरण)

 BCCL Bansjoda Colliery के पीओ का घेराव करते मजदूर। (फोटो जागरण)

संवाद सहयोगी, लोयाबाद(धनबाद)। कोल इंडिया की इकाई-बीसीसीएल की सेंद्रा बांसजोड़ा कोलियरी में संचालित बीएलए आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मियों को तीन-चार महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। इससे परेशान कर्मियों के सब्र का बांध टूट शनिवार को टूट गया।

शनिवार को कर्मियों ने बांसजोड़ा कोलियरी साइडिंग में बने कार्यालय में कोलियरी पीओ अनिल कुमार वर्मा को बंधक बना लिया। सिजुआ क्षेत्र के जीएम निर्झर चक्रवर्ती मुख्यालय में चल रही बैठक छोड़कर मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

उन्होंने पांच दिनों के अंदर कंपनी का काम चालू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मियों ने पीओ को मुक्त किया। करीब तीन घंटे तक पीओ कर्मियों के कब्जे में रहे।

माइंस में पानी भरने के कारण कंपनी का काम बंद 

मालूम हो कि माइंस में पानी भरे रहने के कारण आउटसोर्सिंग कंपनी का काम बंद पड़ा है। इस कारण कर्मियों को कंपनी की ओर से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। करीब 11 बजे आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मी बांसजोड़ा कोलियरी साइडिंग पहुंचे।

अपनी मांगों के समर्थन में पीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मियों का कहना था कि काम बंद रहने के कारण उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे वे भुखमरी के शिकार हैं। सामने दुर्गापूजा का त्योहार है।

बताते चलें कि सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल इस समस्या के समाधान के लिए तीन बार बांसजोड़ा कोलियरी का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को माइंस से शीघ्र पानी की निकासी करने का निर्देश दिया है।

इसके बावजूद कोलियरी अधिकारी धीमी गति से पानी की निकासी कर रहे हैं। परेशान कर्मियों ने इससे पूर्व भी तीन बार कोयले का डिस्पैच व परिवहन कार्य ठप कर चुके हैं।

कोयले का डिस्पैच ठप करने की चेतावनी 

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे गौतम रजक व मुस्ताक मंसूरी ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार पांच दिनों के अंदर काम चालू नहीं हुआ, तो अनिश्चितकालीन कोयले का डिस्पैच व परिवहन कार्य ठप कर दिया जाएगा।

प्रदर्शन में गौतम रजक, मुस्ताक मंसूरी, चंद्रिका तुरी, शमशाद अंसारी, विकास चौहान, पपिंदर सिंह, सोना उरांव, दिलीप तुरी, बिनोद विश्वकर्मा, सुनील रवानी, विष्णु प्रमाणिक, सरफराज मंसूरी, उपेंद्र यादव आदि शामिल थे।

यह भी पढ़ें- धनबाद: गैंगस्टर फहीम खान हमलाकांड में फैसला, पटना के शूटर समेत 3 दोषियों को उम्रकैद की सजा

यह भी पढ़ें- नवंबर-दिसंबर में धनबाद से दक्षिण भारत का सफर मुश्किल, 12 ट्रेनें रद

माइंस से लगातार पानी घट रहा है। पानी की निकासी के लिए अधिक एचपी का मोटर पंप लगाया जा रहा है। मोटर पंप लगते ही तेज गति से पानी की निकासी शुरू हो जाएगी। पांच दिनों के अंदर कंपनी का काम चालू हो जाएगा।

-

निर्झर चक्रवर्ती, जीएम, सिजुआ क्षेत्र