विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरवाअड्डा फल मंडी में पिकअप ने मजदूर को कुचला, मौत के बाद आक्रोशित मजदूरों ने किया सड़क जाम

Published: Mon, 21 Sep 2026 05:33 PM (IST)

Dhanbad News: बरवाअड्डा फल मंडी में देर रात एक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से मोटिया मजदूर दौलत तांती की मौत हो गई।

घटना के विरोध में आक्रोशित मोटिया मजदूरों को समझाती पुलिस। (फोटो जागरण)

घटना के विरोध में आक्रोशित मोटिया मजदूरों को समझाती पुलिस। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. पिकअप की चपेट में आने से मजदूर दौलत तांती की मौत।

  2. आक्रोशित मजदूरों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

  3. पुलिस के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम हटाया गया।

संवाद सूत्र, बरवाअड्डा (धनबाद)। कृषि बाजार समिति परिसर धनबाद स्थित फल मंडी में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने काम कर रहे मोटिया मजदूर को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित मजदूरों ने मंडी परिसर के भीतर बांस-बल्ली लगाकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और नारेबाजी करते हुए कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। फल मंडी में दैनिक कामकाज चल रहा था, तभी एक पिकअप वाहन संख्या: जे एच 10 सी डब्ल्यू 7869 का चालक मंडी परिसर के भीतर ही वाहन को काफी तेज रफ्तार से बैक कर रहा था।

इसी दौरान वहां काम कर रहे 45 वर्षीय मोटिया मजदूर दौलत तांती वाहन की चपेट में आ गए। मजदूरों का आरोप है कि हादसा होते ही जब लोगों ने शोर मचाया, तो चालक घबराकर भागने के चक्कर में वाहन को और तेजी से आगे-पीछे करने लगा।

इस दौरान दौलत तांती कई फीट तक वाहन के साथ घसीटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और कारोबारियों (आढ़तियों) ने तुरंत घायल दौलत तांती को निजी वाहन से एसएनएमएमसीएच धनबाद पहुंचाया, जहां देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक दौलत तांती पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से इसी मंडी में मोटिया मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। सोमवार सुबह जैसे ही दौलत तांती की मौत की खबर मंडी पहुंची, मजदूर उग्र हो गए।

उन्होंने शव को फल मंडी में रखकर सड़क जाम कर दी। दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जब्ती और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा व सरकारी सहायता देने की मांग कर रहे थे। जाम के कारण फलों से लदे दर्जनों ट्रक और पिकअप जहां-तहां खड़े हो गए, जिससे मंडी का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने उग्र मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आश्वस्त किया कि वाहन संख्या के आधार पर चालक की पहचान कर ली गई है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद लगभग दो घंटे बाद जाम हटाया जा सका और मंडी में कामकाज सामान्य हो पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

स्थानीय मजदूरों ने मंडी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रात के समय मंडी परिसर के भीतर बिना किसी रोक-टोक के तेज रफ्तार वाहनों का प्रवेश होता है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

यह भी पढ़ें- धनबाद एमपी एमएलए कोर्ट में जयराम महतो के खिलाफ सुनवाई, गवाह पेश करने का आदेश

मजदूरों ने मंडी प्रबंधन से परिसर में सुरक्षा गार्डों की तैनाती, वाहनों की गति सीमा तय करने और जगह-जगह स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- धनबाद के Wasseypur में फिर गैंगवार: गैंगस्टर फहीम खान के भाई पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग; महिला समेत तीन घायल