CMPFO: कोयला कर्मियों की पेंशन सुरक्षा पर मंत्रालय सख्त, सचिव ने बताईं 3 प्राथमिकताएं
Coal Ministry ने सीएमपीएफओ के निवेश पोर्टफोलियो की समीक्षा की, जिसमें पूंजी की सुरक्षा, स्थिर प्रतिफल और समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

CMPFO के वित्तीय मध्यस्थों के साथ मुंबई में बैठक करते कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त। (फोटो साैजन्य)
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयला क्षेत्र के लाखों कामगारों और पेंशनभोगियों की जमा पूंजी की सुरक्षा तथा उन्हें समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने को लेकर कोयला मंत्रालय ने गंभीरता दिखाई है।
कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त ने शुक्रवार को मुंबई में कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) के वित्तीय मध्यस्थों के साथ बैठक कर संगठन के निवेश पोर्टफोलियो, उसके प्रदर्शन और जोखिम प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशन निधि के प्रबंधन में पूंजी की सुरक्षा, स्थिर प्रतिफल और पेंशन भुगतान के लिए पर्याप्त तरलता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में सीएमपीएफओ के निवेश पोर्टफोलियो से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ लंबित मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सचिव ने कहा कि कोयला कर्मियों की मेहनत की कमाई से जमा हुई भविष्य निधि और पेंशन राशि की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निवेश की ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे न केवल निधि सुरक्षित रहे, बल्कि पेंशनभोगियों को उनकी पेंशन का भुगतान भी निर्धारित समय पर किया जा सके।
बैठक में अपर सचिव रूपिंदर बरार, संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार तथा निवेश उप-समिति के अध्यक्ष आशिम कुमार मोदी और कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव सह सीएमपीएफओ आयुक्त डा. गोपाल सिंह सहित संगठन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा पोर्टफोलियो प्रबंधक एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड और यूटीआई एएमसी लिमिटेड, निवेश परामर्शदाता क्रिसिल लिमिटेड, अभिरक्षक ड्यूश बैंक एजी तथा बाह्य समवर्ती लेखापरीक्षक मेसर्स जैन चौधरी एंड कंपनी के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
मंत्रालय की तीन प्रमुख प्राथमिकताएं
कोयला सचिव ने अपने प्रारंभिक संबोधन में निवेश निधि के प्रबंधन को लेकर मंत्रालय की तीन प्रमुख प्राथमिकताएं गिनाईं। इनमें पहली प्राथमिकता मूल पूंजी की सुरक्षा, दूसरी स्थिर प्रतिफल हासिल करना और तीसरी पेंशन भुगतान के लिए पर्याप्त तरलता बनाए रखना है।
उन्होंने वित्तीय मध्यस्थों से इन तीनों उद्देश्यों को ध्यान में रखकर निवेश संबंधी फैसले लेने का आग्रह किया। बैठक में क्रिसिल लिमिटेड ने सीएमपीएफओ के निवेश पोर्टफोलियो की समेकित समीक्षा प्रस्तुत की।
इसमें दोनों पोर्टफोलियो प्रबंधकों के प्रदर्शन, निवेश के लिए बेंचमार्क निर्धारित करने की प्रक्रिया तथा इक्विटी और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में निवेश की नीति की समीक्षा की गई।
प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, समीक्षाधीन अवधि में एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड और यूटीआई एएमसी लिमिटेड, दोनों का प्रदर्शन निर्धारित बेंचमार्क से बेहतर रहा है।
पोर्टफोलियो प्रबंधकों, अभिरक्षक और बाह्य समवर्ती लेखापरीक्षक ने भी निवेश प्रबंधन, जोखिम नियंत्रण और पोर्टफोलियो के प्रदर्शन से संबंधित अपने सुझाव एवं विचार रखे। बैठक में निवेश व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी तथा सुरक्षित बनाने के पहलुओं पर चर्चा हुई।
पेंशन भुगतान के अनुरूप तय हो निवेश की परिपक्वता अवधि
सचिव ने सभी वित्तीय मध्यस्थों के प्रयासों की सराहना करते हुए निवेश प्रबंधन में कुछ महत्वपूर्ण सुधारों पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि पेंशन निधि के निवेश की परिपक्वता अवधि (मैच्योरिटी प्रोफाइल) को भविष्य में होने वाले पेंशन भुगतानों के अनुरूप रखा जाए, ताकि जरूरत के समय पर्याप्त धन उपलब्ध रहे और किसी पेंशनभोगी को भुगतान के लिए इंतजार न करना पड़े।
गौरतलब है कि सीएमपीएफओ कोयला क्षेत्र के कामगारों और पेंशनभोगियों की भविष्य निधि एवं पेंशन बचत का प्रबंधन करता है। संगठन का निवेश पोर्टफोलियो मुख्य रूप से सरकारी प्रतिभूतियों और उच्च गुणवत्ता वाले बान्डों में निवेशित है।
ऐसे में निवेश की सुरक्षा और पर्याप्त तरलता बनाए रखना लाखों कामगारों के भविष्य तथा पेंशनभोगियों की आर्थिक सुरक्षा से सीधे जुड़ा हुआ है।
यह भी पढ़ें- हजारों कोयला कर्मियों की पेंशन रुकने की नौबत, सीएमपीएफ पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की डेडलाइन 30 नवंबर
यह भी पढ़ें- DHFL में फंसे CMPFO के 727 करोड़, 16 बार फाइल भेजने के बाद भी नहीं निकली रकम; CBI जांच शुरू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।