कोल इंडिया पर बढ़ी PMO की निगरानी, कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी करेंगे समीक्षा
Coal India: केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी 28-29 सितंबर को कोलकाता में कोल इंडिया के कामकाज की दो दिवसीय समीक्षा करेंगे।

कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। प्रधानमंत्री कार्यालय की कोल इंडिया के कामकाज पर बढ़ी निगरानी के बीच अब केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी की संभावित 28 और 29 सितंबर को कोल इंडिया लिमिटेड मुख्यालय, कोलकाता में दो दिवसीय समीक्षा बैठक करेंगे।
बैठक में कोयला उत्पादन और डिस्पैच, नई परियोजनाओं की प्रगति, झरिया मास्टर प्लान, कोल गैसीफिकेशन सहित कंपनियों के कामकाज की समीक्षा होगी।
इस दौरान अधिकारियों के काम करने के तरीके और योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा होने की संभावना है। बैठक में कोयला सचिव विक्रम दत्त के भी शामिल होने की संभावना है। कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम के साथ सभी अनुषंगी कंपनियों के सीएमडी भी मौजूद रहेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने बीसीसीएल दौरे के बाद शुक्रवार को कोलकाता स्थित कोल इंडिया के कारपोरेट कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर कंपनी के उत्पादन और आपूर्ति की समीक्षा की।
बैठक में देश की ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए विशेष रूप से ताप विद्युत संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति बढ़ाने, कोयला गैसीकरण परियोजनाओं की प्रगति और कंपनी की विविधीकरण योजनाओं पर चर्चा हुई। उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
कोल इंडिया के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में अब तक कंपनी ने 31 करोड़ टन से अधिक कोयले का उत्पादन किया है। वहीं, कुल कोयला आपूर्ति 37.1 करोड़ टन से अधिक पहुंच चुकी है। इसमें बिजली क्षेत्र को 29.1 करोड़ टन से अधिक कोयले की आपूर्ति शामिल है।
समीक्षा बैठक में इन आंकड़ों का जायजा लेने के साथ आने वाले महीनों में बिजली संयंत्रों की मांग के अनुरूप कोयला आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।
पीएमओ स्तर से समीक्षा और इसके बाद केंद्रीय कोयला मंत्री के दो दिवसीय दौरे को कोल इंडिया के लिए अहम माना जा रहा है। लगातार बैठकों के जरिए उत्पादन, आपूर्ति, नई परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं की प्रगति पर शीर्ष स्तर से निगरानी बढ़ी है।
