विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा से पहले कोयला कर्मियों को मिलेगी खुशखबरी, ₹1.10 लाख तक बोनस पर निगाहें

Published: Thu, 24 Sep 2026 07:18 PM (IST)

कोल इंडिया के कर्मचारियों को इस बार ₹1.08 से ₹1.10 लाख तक बोनस मिलने की उम्मीद है। अक्टूबर के पहले ...और पढ़ें

दुर्गा पूजा से पहले कोल इंडिया में बोनस का होगा भुगतान। (प्रतीकात्मक फोटो)

दुर्गा पूजा से पहले कोल इंडिया में बोनस का होगा भुगतान। (प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयला श्रमिकों का बोनस का इंतजार बढ़ता जा रहा है। सितंबर समाप्त होने को है। त्योहारों का मौसम करीब आते ही कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के बीच इस वर्ष मिलने वाले परफार्मेंस लिंक्ड रिवार्ड (पीएलआर) को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कोयला उद्योग से जुड़े श्रमिक संगठनों और कर्मचारियों के बीच इस बार बोनस की राशि 1.08 लाख से 1.10 लाख रुपये के बीच रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, राशि को लेकर अभी कोई आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है। इसमें बढ़ोतरी भी हो सकती है।
यह निर्भर श्रम संगठन की एक जुटता व प्रबंधन की नीति पर है।

पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में कोल इंडिया लिमिटेड ने गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को 1.03 लाख रुपये का पीएलआर दिया था। इस बार उत्पादन और कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन को देखते हुए कर्मचारी संगठनों की नजर बोनस में संभावित बढ़ोतरी पर है। चर्चाओं के मुताबिक पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5 से 7 हजार रुपये की वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।

अक्टूबर के पहले सप्ताह में अहम बैठक की संभावना

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पीएलआर ,एक्स-ग्रेशिया की राशि तय करने की प्रक्रिया को लेकर अक्टूबर के पहले सप्ताह में अहम बैठक होने की संभावना है। संभावित रूप से 3 या 4 अक्टूबर को एपेक्स जेसीसी अथवा स्टैंडर्डाइजेशन कमेटी की बैठक हो सकती है।

इसमें कोल इंडिया प्रबंधन के साथ प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों बीएमएस, एचएमएस, एटक और सीटू के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी बैठक में कर्मचारियों के लिए पीएलआर की राशि पर चर्चा कर अंतिम निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। बैठक की आधिकारिक पुष्टि और बोनस की अंतिम राशि सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

दो लाख से अधिक कर्मियों पर सीधा असर

पीएलआर का सीधा लाभ कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों के करीब 2.10 लाख गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को मिलने की उम्मीद है। इनमें बीसीसीएल, सीसीएल, ईसीएल, डब्ल्यूसीएल, एसईसीएल, एनसीएल, एमसीएल और सीएमपीडीआई समेत अन्य इकाइयों के कर्मचारी शामिल हैं।

वहीं, सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) के करीब 38 हजार कर्मचारियों के लिए भी इसी तर्ज पर भुगतान की परंपरा रही है। इस लिहाज से बोनस का फैसला कोयला क्षेत्र से जुड़े करीब 2.5 लाख कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पिछले रिकार्ड ने बढ़ाई उम्मीद

पिछले वर्ष 1.03 लाख रुपये के पीएलआर ने कर्मचारियों के बीच इस वर्ष भी बेहतर भुगतान की उम्मीद बढ़ा दी है। कोयला क्षेत्रों में कर्मचारियों के बीच चल रही चर्चाओं में कंपनी के उत्पादन और वित्तीय प्रदर्शन को बोनस बढ़ने का प्रमुख आधार माना जा रहा है।

हालांकि, 1.08 लाख से 1.10 लाख रुपये का आंकड़ा फिलहाल कर्मचारी संगठनों और कोयला क्षेत्र में चल रही चर्चाओं तक सीमित है। वास्तविक राशि प्रबंधन और ट्रेड यूनियनों के बीच होने वाली वार्ता तथा आधिकारिक बैठक के बाद ही तय होगी। ऐसे में अब कोयला कर्मियों की नजर अक्टूबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित बैठक पर टिकी है।

कब कितना बढ़ा बोनस की राशि

2022 → ₹76,500 (₹4,000 की वृद्धि)

2023 → ₹85,000 (₹8,500 की वृद्धि)

2024 → ₹93,750 (₹8,750 की वृद्धि)

2025 → ₹1,03,000 (₹9,250 की वृद्धि)