Coal India में अब सेवानिवृत्त अधिकारी भी बनेंगे जांच प्राधिकारी, जानिए कौन कर सकता है आवेदन
कोल इंडिया लिमिटेड ने सतर्कता मामलों में विभागीय जांच के लिए नई व्यवस्था शुरू की है, जिसमें सेवानिवृत्त अधिकारी भी जांच प्राधिकारी बन सकेंगे। इच्छुक E-8 ग्रेड या महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी 17 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

कोल इंडिया में सेवानिवृत्त अधिकारी भी बनेंगे जांच प्राधिकारी। (AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।)
HighLights
कोल इंडिया में सेवानिवृत्त अधिकारी भी बनेंगे जांच प्राधिकारी।
E-8 ग्रेड अधिकारी 17 दिसंबर 2026 तक आवेदन करें।
चयनित अधिकारियों को मानदेय और यात्रा सुविधा मिलेगी।
डिजिटल डेस्क, धनबाद। कोल इंडिया लिमिटेड ने सतर्कता मामलों में विभागीय जांच की प्रक्रिया को करने के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत अब सेवानिवृत्त अधिकारी भी जांच प्राधिकारी (इंक्वायरी अथॉरिटी) की जिम्मेदारी संभाल सकेंगे। कंपनी के मुख्यालय और अनुषंगी कंपनियों में विभागीय जांच के लिए योग्य सेवानिवृत्त अधिकारियों जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अधिकारी 17 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
E-8 ग्रेड या महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी पात्र
अधिसूचना के मुताबिक, केंद्र सरकार या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (CPSU) से E-8 ग्रेड अथवा महाप्रबंधक के समकक्ष वेतनमान से सेवानिवृत्त अधिकारी इस पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए एक प्रमुख शर्त यह है कि संबंधित अधिकारी के सेवाकाल के दौरान उनके खिलाफ कोई विभागीय या आपराधिक जांच लंबित नहीं रही होनी चाहिए।
विभागीय जांच अधिकारी के रूप में पहले काम कर चुके अधिकारियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा प्रेजेंटिंग ऑफिसर और डिफेंस असिस्टेंट के रूप में अनुभव रखने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी वरीयता मिलेगी।
तीन साल तक मान्य रहेगा पैनल
चयनित अधिकारियों का पैनल तीन वर्षों के लिए तैयार किया जाएगा। हालांकि, इसका वार्षिक आधार पर पुनरीक्षण भी किया जा सकेगा। पैनल में नाम शामिल होने का अर्थ यह नहीं होगा कि संबंधित अधिकारी को जांच प्राधिकारी के रूप में नियुक्ति मिलना तय है। किसी विशेष मामले में नियुक्ति का निर्णय संबंधित अनुशासनिक प्राधिकारी अपनी आवश्यकता के अनुसार करेंगे।
मानदेय के साथ मिलेगी यात्रा और आवास की सुविधा
जांच प्राधिकारी के रूप में नियुक्त होने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों को निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। वहीं, बाहर से आने वाले अधिकारियों के लिए आवास, यात्रा भत्ता और स्थानीय परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
17 दिसंबर तक कोलकाता भेजना होगा आवेदन
इच्छुक एवं पात्र सेवानिवृत्त अधिकारियों को अपना आवेदन ई-मेल या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन महाप्रबंधक (विजिलेंस), कोल इंडिया लिमिटेड, कोल भवन, न्यू टाउन, राजरहाट, कोलकाता-700156 के पते पर 17 दिसंबर 2026 तक पहुंचाना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।