Coal India कर्मियों की बल्ले-बल्ले, 1.10 लाख रुपये बोनस पर बनी सहमति; दुर्गा पूजा से पहले खाते में आएगी राशि
Coal India Bonus Agreement: कोयला कर्मियों को कोल इंडिया प्रबंधन से हुई सहमति के बाद करीब 1.10 लाख रुपये का ...और पढ़ें

Coal India Bonus: कर्मियों को मिलेंगे 1.10 लाख रुपये।
HighLights
कोयला कर्मियों को मिलेगा 1.10 लाख रुपये बोनस।
कोल इंडिया प्रबंधन से बोनस पर बनी सहमति।
15 अक्टूबर तक होगा बोनस का भुगतान।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Coal India Bonus News: दुर्गापूजा से पहले Coal India के दो लाख से ज्यादा कर्मियों के लिए बड़ी खबर है। कोल इंडिया प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच करीब नौ घंटे चली लंबी बातचीत के बाद वर्ष 2026 के प्रदर्शन आधारित बोनस (पीएलआर) के रूप में ₹1,10,250 देने पर अंतिम सहमति बन गई है।

बोनस का भुगतान 15 अक्टूबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में किए जाने की तैयारी है। इस फैसले से कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत करीब 2.01 लाख कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। बीसीसीएल के 31 हजार कोयला कर्मचारी इसके दायरे में आएंगे। तय राशि के हिसाब से बोनस मद में करीब ₹2,216 करोड़ का भुगतान होगा।
मांग और प्रस्ताव के बीच कई दौर की बातचीत
कोल इंडिया मुख्यालय में शनिवार को हुई एपेक्स जेसीसी की बैठक में बोनस की राशि को लेकर प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। शुरुआत में प्रबंधन की ओर से प्रस्ताव रखा गया, जबकि श्रमिक संगठनों ने ₹1.25 लाख बोनस की मांग रखी। दोनों पक्षों के बीच कई बार राशि को लेकर उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही।

करीब नौ घंटे तक चली बैठक के बाद आखिरकार ₹1,10,250 की राशि पर सहमति बनी। बैठक की अध्यक्षता कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम ने की। कोल इंडिया के निदेशक मंडल सहित अन्य कंपनियों के लिए अधिकारी मौजूद थे. बैठक में कंपनी की उत्पादन, कोयला आपूर्ति और बाजार की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
मानसून के बाद उत्पादन और आपूर्ति में सुधार
बैठक में कोल इंडिया प्रबंधन ने बताया कि कोयले की मांग में बढ़ोतरी हुई है। मानसून के दौरान उत्पादन और आपूर्ति में कुछ दिक्कतें आई थीं, लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। प्रबंधन ने कंपनी के उत्पादन और डिस्पैच की स्थिति से श्रमिक संगठनों को अवगत कराया।
वहीं यूनियन प्रतिनिधियों ने जेबीसीसीआइ के गठन में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। इस पर प्रबंधन की ओर से मौजूदा स्थिति की जानकारी दी गई।
चार श्रम संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
एपेक्स जेसीसी की बैठक में चार प्रमुख श्रम संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बीएमएस की ओर से के. लक्ष्मा रेड्डी, एचएमएस से हरभजन सिंह सिद्धू, सीटू से डीडी रामानंदन और एटक से लखनलाल महतो बैठक में मौजूद रहे। बोनस को लेकर प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच लंबी बातचीत के बाद सहमति बनी। इस बार भी बोनस वार्ता में राष्ट्रीय खान मजदूर फेडरेशन की भागीदारी नहीं हो सकी।
बीसीसीएल समेत सभी अनुषंगी कंपनियों को लाभ
पीएलआर का लाभ कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को मिलेगा। इसमें Bharat Coking Coal Limited (BCCL) Dhanbad, Central Coalfields Limited (CCL) Ranchi, Eastern Coalfields Limited (ECL) West Bengal, Mahanadi Coalfields Limited (MCL), Northern Coalfields Limited (NCL), South Eastern Coalfields Limited (SECL) और Central Mine Planning & Design Institute Limited (CMPDIL) शामिल हैं।
धनबाद में बीसीसीएल के हजारों कर्मचारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। बोनस की राशि त्योहारी सीजन से पहले मिलने से कर्मचारियों के परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
पिछले वर्ष से बढ़ी राशि, इस बार करीब ₹2,216 करोड़ का भुगतान
पिछले वर्षों की तुलना में इस बार बोनस की राशि बढ़ी है। वर्ष 2024 में कोयला कर्मियों को ₹93,750 पीएलआर मिला था, जबकि वर्ष 2025 में यह राशि ₹1.03 लाख रही थी। अब वर्ष 2026 के लिए ₹1,10,250 पर सहमति बनी है।
करीब 2.01 लाख कर्मचारियों को यह राशि मिलने पर कुल भुगतान लगभग ₹2,216 करोड़ बैठेगा। भुगतान 15 अक्टूबर तक पूरा करने की तैयारी है।
ठेका श्रमिकों के वेतन भुगतान पर भी जारी होगा निर्देश
बैठक में ठेका श्रमिकों के वेतन भुगतान का मुद्दा भी महत्वपूर्ण रहा। कोल इंडिया की ओर से अनुषंगी कंपनियों को नियमों के तहत ठेका श्रमिकों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाने की तैयारी है।
इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ठेका श्रमिकों को निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर उनका पारिश्रमिक मिल सके।
यह भी पढ़ें- वेतन भुगतान की मांग को ले आउटसोर्सिंग कंपनी के मजदूरों ने बांसजोड़ा कोलियरी पीओ को बनाया बंधक
यह भी पढ़ें- दुर्गापूजा में जाम से निपटने को धनबाद पुलिस तैयार, प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर बनाई रणनीति
