दुर्गापूजा में जाम से निपटने को धनबाद पुलिस तैयार, प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर बनाई रणनीति
धनबाद पुलिस ने दुर्गापूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

डीएस कालोनी के सामने ट्रैफिक सर्वे करती धनबाद पुलिस की टीम। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद पुलिस ने दुर्गापूजा यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कीं।
ट्रैफिक डीएसपी रोहित यादव के नेतृत्व में मार्गों का निरीक्षण हुआ।
जाम संभावित स्थानों को चिह्नित कर वैकल्पिक योजना बनाई जा रही।
जागरण संवाददाता, धनबाद। दुर्गापूजा के दौरान शहर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए धनबाद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी है।
पूजा के दौरान शहर में कहीं जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए पुलिस स्तर पर व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है।
इसी क्रम में एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को ट्रैफिक डीएसपी रोहित यादव के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों, पूजा पंडालों के आसपास के मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और ऐसे स्थानों का जायजा लिया जहां दुर्गापूजा के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका रहती है।
टीम ने मौके पर यातायात की मौजूदा स्थिति को देखा और आने वाले दिनों में संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए रूट प्लानिंग पर विस्तार से चर्चा की।
प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों का लिया जायजा
ट्रैफिक पुलिस की टीम ने स्टील गेट, कोर्ट रोड, सिटी सेंटर, श्रमिक चौक, बैंकमोड़, मटकुरिया, नई दिल्ली कालोनी, धनसार, जोड़ाफाटक, मनईटांड़, टिकियापाड़ा, रेलवे सिनेमा रोड, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, पुराना स्टेशन, बरमसिया, झारखंड मैदान, हीरापुर, डीएस कालोनी, हिल कालोनी, हटिया मोड़ समेत शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया।
इन क्षेत्रों में सामान्य दिनों के यातायात के साथ-साथ दुर्गापूजा के दौरान संभावित अतिरिक्त दबाव को भी ध्यान में रखा गया।
विशेष रूप से उन मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया जहां पूजा पंडालों, बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों के कारण लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।
जामवाले स्थानों को लेकर विशेष रणनीति
निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने संभावित जामवाले स्थानों को चिह्नित करने के साथ-साथ वैकल्पिक मार्गों और ट्रैफिक डायवर्जन की संभावनाओं पर भी विचार किया।
दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में यातायात को लगातार गतिशील बनाए रखने के लिए पहले से ही आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा तैयार किए जानेवाले रूट प्लान में प्रमुख पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों, मुख्य सड़कों से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक रास्तों को भी ध्यान में रखा जाएगा।
आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा विशेष जोर
पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान इस बात पर भी विशेष ध्यान दिया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। भीड़ वाले इलाकों में पैदल चलनेवाले श्रद्धालुओं और वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
ट्रैफिक डीएसपी रोहित यादव ने संबंधित पदाधिकारियों को प्रमुख मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा दुर्गापूजा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों से विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी भी ली।
प्रमुख चौक-चौराहों पर बढ़ेगी निगरानी
दुर्गापूजा के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस की विशेष निगरानी रहने की संभावना है।
भीड़ के अनुसार ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती, वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने और आवश्यकता पड़ने पर मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही पार्किंग और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़े किए जाने की समस्या पर भी नजर रखने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस का उद्देश्य पूजा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को इस तरह संचालित करना है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही भी सुचारु रहे और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन भी बाधित न हो।
इसके लिए पूजा शुरू होने से पहले ही रूट प्लान और तैनाती व्यवस्था को अंतिम रूप देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मौके पर ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश, सार्जेंट राकेश दूबे समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- धनबाद स्टेशन: अवैध कब्जे वाले छोटे दुकानदारों को राहत, रेलवे बनाएगा 250 दुकानों वाला शापिंग एरिया
यह भी पढ़ें- धनबाद में धड़ल्ले से चल रही कोयले की अवैध खदानें, निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने खोली पोल
