विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परंपरा वही, अंदाज नया: धनबाद में भीड़ और गंदगी से बचने के लिए घरों में बन रहे मिनी घाट

Published: Sat, 14 Nov 2026 12:54 PM (GMT+05:30)

धनबाद में छठ पूजा की परंपरा बदल रही है क्योंकि लोग गंदे तालाबों के बजाय घरों, अपार्टमेंट और मोहल्लों में अस्थायी घाट बना रहे हैं।

बन रहे अस्थायी छठ घाट। (जागरण)

बन रहे अस्थायी छठ घाट। (जागरण)

HighLights

  1. गंदे तालाबों के कारण छठ पूजा की पारंपरिक व्यवस्था में बदलाव।

  2. स्वच्छता और भीड़ से बचने को घरों में बन रहे मिनी घाट।

  3. धनबाद के झारखंड मैदान में पहली बार विशाल अस्थायी तालाब निर्मित।

राकेश कुमार महतो, धनबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ में कभी तालाब और नदी घाट व्रतियों की पहली पसंद हुआ करते थे, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है।

शहर के पारंपरिक कई छठ तालाबों में गंदगी, दूषित पानी की समस्या से परेशान व्रती अब वैकल्पिक व्यवस्था अपना रहे हैं। गंदे तालाबों में अर्घ्य देने के बजाय लोग अपने घरों, अपार्टमेंट और मोहल्लों के आसपास ही छठ घाट तैयार कर रहे हैं।

कहीं अस्थाई तालाब और सीमेंट के हौद बनाए जा रहे हैं, तो कहीं रेडीमेड प्लास्टिक के टब में अर्घ्य देने की तैयारी है। घरों की छतों और आंगनों में भी छोटे-छोटे छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं।

इस बदलते चलन के पीछे स्वच्छ पानी, पवित्र वातावरण व भीड़-भाड़ से बचने के लिए भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की इच्छा प्रमुख वजह है।

झारखंड मैदान में पहली बार तैयार हो रहा अस्थाई तालाब

सार्वजनिक और सामुदायिक स्तर पर भी इस बार बदलाव साफ नजर आ रहा है। विकास साव ने बताया कि लोको टेंक की खराब स्थिति को देखते हुए इस साल पहली बार झारखंड मैदान में लगभग 60 फीट लंबा और 12 फीट चौड़ा एक विशाल अस्थाई तालाब का निर्माण किया जा रहा है।

तालाब को तीन भाग में बांटा गया है। ताकि आसपास के लोग स्वच्छ जल में आसानी से पूजा कर सकें। इसके अलावा नावाडीह स्थित वेडिंग बेल्स के स्विमिंग पूल को भी पूरी तरह स्वच्छ कर वहां अर्घ्य देने की अनूठी तैयारी की गई है।

शहर के हाउसिंग कालोनी और मनईटांड़ स्थित शंभू राम धर्मशाला परिसर में भी स्थानीय लोगों ने मिलकर कृत्रिम जलकुंड और पूजा के लिए प्रबंध किए हैं।

छतों और आंगनों में सज रहे 'मिनी छठ घाट'

भीड़-भाड़, सुरक्षा और जल की शुद्धता को सर्वोपरि रखते हुए कई परिवारों ने अपने निजी आवासों को ही घाट का रूप देना शुरू कर दिया है।

शहर के कई घरों की छतों और आंगनों में ईंट-सीमेंट से अस्थायी टैंक बनाए जा रहे हैं। वहीं बाजारों में मिलने वाले बड़े रेडीमेड प्लास्टिक टब और फोल्डेबल वाटर पाड्स की मांग भी आसमान छू रही है, जहां महिलाएं पूरी पवित्रता के साथ अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी।

यह भी पढ़ें- छठ व्रतियों के कदमों तले लिटाए जाते हैं नौनिहाल, बच्चों की सलामती को ले निभाई जाती है अनोखी परंपरा

मैं पिछले 14 वर्षों से छठ महापर्व कर रही हूं। शहर के तालाबों में गंदे पानी और अत्यधिक भीड़ के कारण पिछले पांच वर्षों से घर की छत पर ही अर्घ्य देती हूं। इस दौरान परिवार और पड़ोस के सदस्य बढ़-चढ़कर शामिल होते हैं और पूरे उत्साह व श्रद्धा के साथ पर्व मनाते हैं।

-

संजू देवी, हीरापुर, हिंदू मिशन रोड

हमारे परिवार में पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से छठ पूजा की परंपरा चली आ रही है। पहले सासू मां के साथ राजेंद्र सरोवर में अर्घ्य देने जाते थे, लेकिन इस बार वहां साफ पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण घर की छत पर ही कृत्रिम होद बनाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

-

निशा चौरसिया, जेसी मल्लिक रोड, हीरापुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।