झारखंड भारतीय मजदूर संघ में विवाद, प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने दिया इस्तीफा
राजीव रंजन सिंह ने भारतीय मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश के महामंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने दिया इस्तीफा। (जागरण)
HighLights
राजीव रंजन सिंह ने महामंत्री पद से इस्तीफा दिया।
महासंघों के अनावश्यक संगठनात्मक हस्तक्षेप को बताया कारण।
झारखंड प्रदेश में स्थिति गंभीर और असहज हुई।
आशीष अंबष्ठ, धनबाद। भारतीय मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश में संगठनात्मक विवाद सामने आया है। प्रदेश के महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने महासंघों के अनावश्यक संगठनात्मक हस्तक्षेप से उत्पन्न परिस्थितियों का हवाला देते हुए अपने दायित्वों से मुक्त होने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने 12 नवंबर 2026 को भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय महामंत्री को पत्र भेजा है।
पत्र में राजीव रंजन सिंह ने कहा है कि उन्हें 31 दिसंबर 2023 को भारतीय मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश के महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का प्रयास किया। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से विभिन्न महासंघों की ओर से अनावश्यक संगठनात्मक हस्तक्षेप किया जा रहा है। इसकी जानकारी भी उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को भेजी है।
उन्होंने पत्र में सवाल उठाया है कि भारतीय मजदूर संघ की रीति-नीति और संविधान के अनुरूप केंद्रीय स्तर से किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए, लेकिन महासंघों की ओर से इस तरह के हस्तक्षेप को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि झारखंड प्रदेश को पहले से ही यूनियनों के औद्योगिक संबंधों (आआर) से अलग रखा गया है। साथ ही, अधिसंघित संगठनात्मक विषयों को भी अलग रखने की स्थिति बन रही है।
राजीव रंजन सिंह ने कहा है कि इन परिस्थितियों के कारण प्रदेश में स्थिति काफी गंभीर और असहज हो गई है। इसी वजह से उन्होंने भारतीय मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश के महामंत्री के दायित्वों से मुक्त होने की घोषणा की है।
इस पत्र की प्रतिलिपि भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, संगठन मंत्री, क्षेत्रीय संगठन मंत्री (पटना) और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
यह भी पढ़ें- धनबाद के ओम अपार्टमेंट में पटाखे के रॉकेट से लगी आग, दमकल की मुस्तैदी से टली बड़ी अनहोनी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।