कोयला उत्पादन में देरी बर्दाश्त नहीं, BCCL CMD ने बाधाएं जल्द दूर करने का दिया निर्देश
BCCL CMD मनोज कुमार अग्रवाल ने धनबाद के पीबी एरिया का दौरा कर खनन कार्यों और कोयला उत्पादन की समीक्षा ...और पढ़ें

पुटकी बलिहारी एरिया में कोयला और डिस्पैच का निरीक्षण करते बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल। (फोटो सौजन्य)
HighLights
सीएमडी ने पीबी एरिया में खनन कार्यों का निरीक्षण किया।
कोयला उत्पादन और डिस्पैच लक्ष्य पूरे करने पर जोर दिया।
अधिकारियों को बाधाएं दूर कर दक्षता बढ़ाने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को पीबी एरिया का दौरा कर केन्दुआडीह फायर पैच, पैच-IV और एकड़ा जोर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खनन कार्यों की प्रगति, कोयला डिस्पैच और उत्पादन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सीएमडी ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक समेत संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि कार्यों का प्रदर्शन ही सबसे महत्वपूर्ण है और लक्ष्य के अनुरूप परिणाम देना प्राथमिकता होनी चाहिए।
सीएमडी ने पैच के विस्तार और खनन कार्यों की प्रगति में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिचालन संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान कर उत्पादन और डिस्पैच की गति बढ़ाई जाए। काम में अनावश्यक देरी से बचने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया गया।
एचईएमएम प्रतिनिधियों से की चर्चा
निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने एचईएमएम (भारी खनन मशीनरी) से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की। उन्होंने मशीनों के संचालन में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली और खनन कार्यों को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।
उन्होंने एमडीओ परिचालन के लिए पंपिंग व्यवस्था और उससे जुड़े विद्युत ढांचे की भी समीक्षा की। सीएमडी ने स्पष्ट किया कि पानी की निकासी के लिए पंपिंग सिस्टम का भरोसेमंद और प्रभावी संचालन जरूरी है। इसमें किसी तरह की बाधा से खनन कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।
लक्ष्य के अनुरूप प्रदर्शन पर जोर
सीएमडी ने अधिकारियों को उत्पादन, पैच की प्रगति और कोयला डिस्पैच सहित सभी महत्वपूर्ण कार्यों में अपेक्षित प्रदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा।
परिचालन में आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान किया जाए, ताकि कार्यों की गति और उत्पादकता में सुधार हो।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक, अतिरिक्त महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी, संबंधित प्रबंधक, मुख्यालय के महाप्रबंधक (ईएंडएम) तथा पीएंडपी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
