विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BCCL बोर्ड बैठक आज, 29 अक्टूबर को आएंगे कोल इंडिया के तिमाही नतीजे; डिविडेंड पर निवेशकों की नजर

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:27 AM (IST)

बीसीसीएल बोर्ड की बैठक आज होगी, जिसमें पहली छमाही का लेखाजोखा पास किया जाएगा और कंपनी मुनाफे में बताई जा रही है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. बीसीसीएल बोर्ड आज करेगा पहली छमाही के नतीजों पर विचार।

  2. कोल इंडिया की बैठक 29 अक्टूबर को, तिमाही नतीजे होंगे घोषित।

  3. निवेशकों को दूसरे अंतरिम लाभांश की घोषणा का इंतजार रहेगा।

जागरण संवाददाता, धनबाद। बीसीसीएल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक रविवार को होगी। बैठक में पहली छमाही लेखाजोखा पास किया जाएगा। वैसे जो जानकारी निकल कर आ रही है, उसमें बीसीसीएल का मुनाफा में आ गई है।

वहीं दूसरी तरफ कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक 29 अक्टूबर को होगी। इसमें वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के वित्तीय नतीजों पर विचार किया जाएगा।

बैठक में दूसरी अंतरिम लाभांश (डिविडेंड) घोषित करने के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया जा सकता है। इससे कंपनी के शेयरधारकों और निवेशकों की निगाहें बोर्ड बैठक पर टिकी हैं।

बैठक का एक अहम एजेंडा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दूसरी अंतरिम लाभांश की घोषणा पर विचार करना है। इससे पहले कंपनी ने जुलाई 2026 में पहली अंतरिम लाभांश के रूप में 5.50 रुपये प्रति शेयर देने की घोषणा की थी।

कंपनी की ओर से शेयर बाजार को दी गई सूचना के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही और पहली छमाही के अलेखापरीक्षित वित्तीय परिणाम बैठक में रखे जाएंगे।

इनमें कंपनी के एकल और समेकित वित्तीय नतीजे शामिल होंगे। बोर्ड के समक्ष पेश करने से पहले वित्तीय परिणामों की लेखा परीक्षा समिति समीक्षा करेगी।

मानसून के असर पर रहेगी नजर

सितंबर तिमाही के नतीजों से कोल इंडिया के राजस्व, लाभ और परिचालन प्रदर्शन की स्थिति स्पष्ट होगी। मानसून के दौरान कोयला उत्पादन और आपूर्ति पर पड़ने वाले असर को भी वित्तीय प्रदर्शन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी ने उत्पादन और कोयला आपूर्ति के मोर्चे पर कैसा प्रदर्शन किया है और इसका लाभ पर कितना प्रभाव पड़ा है।

यह भी पढ़ें- SAIL में प्रशासनिक फेरबदल, ईडी और जीएम समेत 14 अधिकारियों का तबादला

यह भी पढ़ें- BSL कर्मियों की चमकी दिवाली: अधिकारियों को ₹5500 और कर्मचारियों को ₹3300 का गिफ्ट कूपन देगा सेल प्रबंधन