चार दिन में दो लड़कियों से शादी, पहली बीवी हुई प्रेग्नेंट तो दूसरे को दे बैठा दिल, कहने लगा- दोनों रहेंगी साथ
पेशे से दिहाड़ी मजदूर युवक की गर्लफ्रेंड जब प्रेग्नेंट हुई और बात अब शादी तक आ पहुंची तो उसने मना कर दिया लेकिन पुलिस ने लड़की के घरवालों की शिकायत पर दोनों की शादी करा दी। इसके कुछ दिन बाद उसने एक और शादी कर ली।
संवाद सहयोगी, चासनाला। पाथरडीह की कुलटांड़ बस्ती निवासी एक युवक ने अपने प्रेम जाल में फंसाकर चार दिन में दो युवतियों से विवाह रचा लिया। दोनों विवाहिता की शिकायत पर पाथरडीह थाना की पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
गर्लफ्रेंड हुई प्रेग्नेंट तो युवक ने शादी से किया साफ इंकार
कुलटांड़ बस्ती निवासी 23 वर्षीय मंटू मल्लिक ने सुदामडीह थाना बस्ती की एक युवती को प्रेम जाल में फंसाया। युवती चार माह की गर्भवती हुई, तो शादी करने से इन्कार कर दिया।
पुलिस ने करा दी दोनों की शादी
इसके बाद युवती के स्वजन शिकायत लेकर पाथरडीह थाना पहुंचे थे। बाद में दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। बाद में पुलिस की देखरेख में 26 मई को चासनाला के माता कल्याणेश्वरी मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया।
दूसरी लड़की को प्यार में फंसाकर की दोबारा शादी
इस घटना के महज चार दिन बाद ही युवक ने फिर पहाड़पुर बलियापुर की एक युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद 29 मई को युवती के साथ दूसरी शादी कर ली। सुदामडीह थाना बस्ती की पहली पत्नी को पता चला तो वह पाथरडीह थाना पहुंची।
इसकी सूचना मिलने पर पहाड़पुर बलियापुर निवासी दूसरी पत्नी भी पाथरडीह थाना पहुंची और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस आरोपित युवक को हिरासत में लेकर छानबीन कर रही है। वहीं युवक ने कहा कि हम दोनों पत्नी को एक साथ रखेंगे। युवक दिहाड़ी मजदूर का काम करता है।
एक बीवी के रहते हुए की दूसरी शादी
इससे कुछ हद तक मिलती-जुलती एक घटना बीते दिन गिरिडीह के सरिया थाना क्षेत्र के सिमराबेड़ा से सामने आई, जिसमें एक पत्नी के रहते हुए भी पति ने चुपके से शादी कर ली थी। हालांकि, इस आपराधिक मामले में पहली पत्नी को लड़के के घरवालों ने बच्चा न होने और मायके से पांच लाख रुपये न मिलने के चलते मार डाला। इसकी भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस इस वक्त फरार ससुरालवालों की तलाश में जुटी हुई है।