त्रिकुट पहाड़ की चोटी से गिरी 200 फीट विशाल चट्टान: आश्रम से 50 फीट दूर रुकी, सैकड़ों सखुआ के पेड़ तबाह
त्रिकुट पहाड़ पर रविवार सुबह एक विशाल चट्टान टूटकर नीचे गिर गई, जिससे लगभग 200 फीट चौड़ा पहाड़ी हिस्सा ढह गया।

टूटकर गिरता हुआ त्रिकुट पहाड़ और टूटे हिस्सों से पहाड़ पर रखा टंकी क्षतिग्रस्त। (जागरण)
HighLights
त्रिकुट पहाड़ पर रविवार सुबह विशाल चट्टान गिरी।
200 फीट चौड़ा पहाड़ी हिस्सा ढहने से भारी नुकसान।
पानी की टंकी, सैकड़ों पेड़-पौधे क्षतिग्रस्त हुए।
संवाद सहयोगी, मोहनपुर (देवघर)। मोहनपुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटनस्थल त्रिकुट पहाड़ पर रविवार की सुबह करीब पांच बजे अचानक एक बड़ा चट्टान टूटकर नीचे गिर गया।
चट्टान गिरने के दौरान इतनी जोरदार आवाज हुई और उसके आसपास का पूरा इलाका दहल उठा। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और दुकानदार सहम गए।
कुछ देर तक इलाके में धूल का गुबार छाया रहा। घटना के बाद जब स्थिति सामान्य हुई तो ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचे।
वहां का नजारा देखकर सभी दंग रह गए। मिली जानकारी के अनुसार, त्रिकुट पहाड़ की करीब 1500 फीट ऊंची चोटी से लगभग 200 फीट लंबा-चौड़ा पहाड़ी हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा।
इस दौरान विशाल चट्टान रास्ते में आने वाले पेड़-पौधों को तोड़ते हुए आश्रम से महज 50 फीट की दूरी पर पहुंच गई। चट्टान की चपेट में आने से वहां स्थित पानी की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पानी की आपूर्ति का स्रोत भी बंद हो गया।
घटना में सैकड़ों सखुआ और कीमती पेड़ों के साथ हजारों छोटे-बड़े पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचने का अनुमान है। इसके अलावा पहाड़ पर मौजूद जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक वन संपदा को भी भारी क्षति हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चट्टान गिरने की आवाज इतनी भयावह थी कि आसपास के जंगलों में रहने वाले बंदर, पक्षी और अन्य जंगली जानवरों में अफरातफरी मच गई।

चिरकुट पहाड़ का टूटा हुआ हिस्सा।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई पर्यटक या स्थानीय व्यक्ति मौजूद नहीं था अन्यथा जानमाल की बड़ा नुकसान हो जाता।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 15 वर्ष पहले भी त्रिकुट पहाड़ पर इसी तरह चट्टान टूटकर गिरने की घटना हुई थी। उस समय भी पेड़-पौधों और प्राकृतिक संपदा को काफी नुकसान पहुंचा था।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि पहाड़ की ऊपरी चोटी पर मिट्टी का कटाव और पेड़-पौधों की कमी के कारण चट्टानों की पकड़ कमजोर हो गयी होगी। जिस कारण बड़ा चट्टान खिसककर नीचे गिर पड़ा। हालांकि, चट्टान गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
क्या कहते हैं ग्रामीण
ग्रामीण पिंटू चौधरी ने बताया कि रविवार की सुबह करीब पांच बजे पहाड़ की ओर से अचानक इतनी भयावह आवाज दी जिस कारण लोग सहम गए।
कुछ देर बाद जब माहौल शांत हुआ तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि पहाड़ की ऊपरी चोटी से विशालकाय चट्टान टूटकर नीचे गिर गया है। इससे पेड़-पौधों और पानी की टंकी को काफी नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें- देवघर की बेटी रिधिका यादव का कमाल: नेशनल एरोबिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
भयावह आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। करीब 15 वर्ष पहले भी पहाड़ पर ऐसी घटना हुई थी, जिसमें पेड़-पौधों को काफी नुकसान पहुंचा था। उन्होंने वन विभाग से मांग की कि त्रिकुट पहाड़ की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
देवाशीष चौधरी, ग्रामीण
पहाड़ की ओर से आयी जोरदार आवाज से आसपास के ग्रामीणों के साथ जंगली जानवर भी भयभीत हो गए। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचने पर पता चला कि पहाड़ की चोटी से एक विशाल चट्टान खिसककर नीचे आ गिरा। उन्होंने आशंका जताई कि ऊपरी हिस्से में मिट्टी का कटाव और पेड़-पौधों की कमी के कारण चट्टान कमजोर होकर खिसकी होगी। उन्होंने कहा कि इस बड़ी घटना में आसपास के लोग बाल-बाल बच गए।
खुशवंत कुमार, ग्रामीण