विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवघर में निरीक्षण करने पहुंचे DC तो नशे में हाथ जोड़े खड़ा मिला प्रधान सहायक, अब होगी कार्रवाई

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:58 PM (IST)

देवघर के सारठ अंचल कार्यालय में उपायुक्त के निरीक्षण के दौरान प्रधान सहायक महालाल टुडू नशे की हालत में पाए ...और पढ़ें

नशे में हाथ जोड़े खड़ा मिला प्रधान सहायक (सौ. जागरण)

नशे में हाथ जोड़े खड़ा मिला प्रधान सहायक (सौ. जागरण)

HighLights

  1. उपायुक्त ने सारठ अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया।

  2. प्रधान सहायक महालाल टुडू नशे की हालत में मिले।

  3. उपायुक्त ने तत्काल दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया।

संवाद सहयोगी, सारठ (देवघर)। सारठ अंचल कार्यालय में पदस्थापित प्रभारी प्रधान सहायक महालाल टुडू के नशे की हालत में कार्यालय पहुंचने का मामला सामने आया है। बुधवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचे उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने निरीक्षण के दौरान प्रधान सहायक को नशे में पाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जानकारी के अनुसार, अंचल अधिकारी कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा ने प्रधान सहायक के कार्यालय अवधि में शराब पीकर आने और कार्यों में लापरवाही बरतने को लेकर पहले ही दो बार उपायुक्त को लिखित शिकायत भेजी थी। 

नशे की हालत में हाथ जोड़कर खड़े 

बुधवार को उपायुक्त के मुख्यालय पहुंचने पर सीओ ने उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद उपायुक्त स्वयं प्रधान सहायक के कार्यालय पहुंचे। वहां महालाल टुडू नशे की हालत में उनके सामने हाथ जोड़कर खड़े हो गए।

उपायुक्त ने उनसे कार्यालय अवधि में शराब पीकर आने का कारण पूछा। इसके बाद प्रधान सहायक को बीडीओ कार्यालय लाने और सीओ को भी वहां बुलाने का निर्देश दिया। अंचल में तैनात आरक्षी प्रधान सहायक को उपायुक्त के समक्ष ले गए, जहां उनसे पूछताछ की गई।

अक्सर शराब पीकर आते हैं कार्यालय 

सीओ कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा ने बताया कि प्रभारी प्रधान सहायक अक्सर शराब पीकर कार्यालय आते हैं। इस कारण आम लोगों के काम प्रभावित होते हैं। 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय की पंजी और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब मिलते हैं, जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में उपायुक्त को दो बार लिखित शिकायत भेजी जा चुकी है।

वहीं, उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने कहा कि प्रधान सहायक के खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं। बुधवार को मुख्यालय निरीक्षण के दौरान भी वह नशे की हालत में पाए गए। उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अपर समाहर्ता को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: छठ पर दरभंगा, बरौनी और रक्सौल के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, कई गाड़ियां रहेंगी रद


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।