विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर के BDO राकेश कुमार चौधरी की संदिग्ध मौत बनी मर्डर मिस्ट्री, पत्नी के बयान पर देवघर में चार पर FIR

Published: Sun, 23 Aug 2026 10:04 PM (GMT+05:30)

Dhanbad News: मुजफ्फरपुर के बीडीओ राकेश कुमार चौधरी की संदिग्ध मौत अब हत्या का मामला बन गई है। पत्नी के ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर के बीडीओ राकेश कुमार चौधरी (कोर्ट में)। (फाइल फोटो)

मुजफ्फरपुर के बीडीओ राकेश कुमार चौधरी (कोर्ट में)। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बीडीओ राकेश चौधरी की संदिग्ध मौत पर हत्या का आरोप।

  2. पत्नी ने देवघर में चार लोगों पर दर्ज कराई FIR।

  3. पुलिस जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका पर कर रही जांच।

जागरण संवाददाता, देवघर। Muzaffarpur BDO Death Caseः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पदस्थापित बीडीओ राकेश कुमार चौधरी की संदिग्ध हालत में मौत की घटना में हत्या का आरोप लगाया गया है। इस घटना को लेकर मृतक की पत्नी जुली प्रसाद के बयान पर दो महिला सहित चार लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाते हुए देवघर नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

दर्ज मामले में देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी दिप्ती किरण उर्फ लवली, उसकी मां किरण देवी, सोनू मालाकार और मोनू मालाकार को आरोपित बनाया गया है। आरोप है कि इन्हीं लोगों ने साजिश के तहत राकेश कुमार की हत्या कर दी है।

पुलिस ने बरामद किए जूते

वहीं, पुलिस ने मामले की छानबीन के क्रम में मृतक का जूता भी बरामद कर लिया है। उनका मोबाइल फोन, बैग व बाइक पहले ही बरामद किए जा चुके थे। पुलिस मामले की छानबीन के लिए लगातार आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं, पुलिस को इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।

देवघर के मोहनपुर क्षेत्र के मूल निवासी राकेश कुमार चौधरी शहर के बिलासी टाउन स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। शुक्रवार को वह मुजफ्फरपुर जाने और वहां समाहरणालय में योगदान देने की बात कहकर घर से निकले थे।

बम-बम बाबा पथ पर गंभीर हाल में मिले

देर रात बम-बम बाबा पथ के आसपास वह गंभीर अवस्था में मिले। 108 एंबुलेंस और पुलिस की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पत्नी जूली प्रसाद ने पुलिस को दिए बयान में मौत को संदिग्ध बताते हुए चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि शाम के समय पति से फोन पर बातचीत हुई थी और बातचीत के दौरान उन्हें राकेश कुमार के कराहने की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। पत्नी ने हत्या में एक महिला शिक्षिका दिप्ती किरण, उसकी मां किरण देवी और दो अन्य लोगों भूमिका बताई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ शरीर में जाने की आशंका भी सामने आई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि राकेश कुमार ने स्वयं कोई जहरीला पदार्थ खाया था या उन्हें किसी ने दिया था। पुलिस उनके अंतिम समय की गतिविधियों, संपर्क में रहे लोगों और मोबाइल फोन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

देवघर के एसडीपीओ कुलदीप कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- देवघर में शंभूगंज के पूर्व BDO राकेश कुमार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पत्नी को प्रेम प्रसंग में हत्या का शक

मामले का एक अन्य पहलू यह भी है कि राकेश कुमार इससे पहले बिहार के गया जी नगर प्रखंड में बीडीओ रह चुके थे। फरवरी 2026 में निगरानी विभाग ने उन्हें 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस मामले में वह जमानत पर थे।

यह भी पढ़ें- देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 33 किलो मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट

हालांकि, उनकी संदिग्ध मौत का उस पुराने मामले से कोई संबंध है या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।