विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जसीडीह रेल बाइपास लाइन का आज उद्घाटन, रांची-दुमका समेत कई ट्रेनों को रिवर्सल से मिलेगी मुक्ति

Published: Fri, 09 Oct 2026 09:47 AM (GMT+05:30)

पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल के तहत जसीडीह रेल बाइपास नई रेल लाइन परियोजना का आज उद्घाटन होगा, जिसकी तैयारियों का महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय ने निरीक्षण किया।

जसीडीह रेल बाइपास का निरीक्षण करतीं पूर्व रेलवे की जीएम गीतिका पांडेय। (फोटो जागरण)

जसीडीह रेल बाइपास का निरीक्षण करतीं पूर्व रेलवे की जीएम गीतिका पांडेय। (फोटो जागरण)

संवाद सूत्र, देवघर। पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल के तहत जसीडीह रेल बाइपास नई रेल लाइन परियोजना के उद्घाटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज शुक्रवार को इस रेल लाइन का उद्घाटन होगा।

इससे पहले गुरुवार रात पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक (जीएम) गीतिका पाण्डेय ने रेल अधिकारियों के साथ तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नई लाइन चालू होने के बाद जसीडीह स्टेशन पर ट्रेनों का रिवर्सल नहीं करना पड़ेगा।

इससे यात्रियों को सुविधा होगी और मालगाड़ियों के परिचालन में भी लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान डीआरएम समेत अन्य रेल अधिकारी मौजूद थे।

नई बाइपास लाइन जसीडीह के मुख्य स्टेशन को बाईपास करते हुए कुमड़ाबाद रोहिणी और देवघर को सीधे जोड़ती है। अब तक इस मार्ग से गुजरने वाली ट्रेनों को जसीडीह स्टेशन जाना पड़ता था।

वहां इंजन को ट्रेन के एक छोर से हटाकर दूसरे छोर पर जोड़ना पड़ता था। इसके बाद अनिवार्य ब्रेक परीक्षण भी किया जाता था। इस प्रक्रिया में समय लगता था। रांची-दुमका समेत कई ट्रेने अब सीधे गंतव्य की ओर जाएंगी।

नई रेल लाइन शुरू होने से ट्रेनों के परिचालन में तेजी आएगी और समय की बचत होगी। मालगाड़ियों की आवाजाही सुगम होने से क्षेत्रीय औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी।

इससे व्यापार को गति मिलने के साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी तेज होगी। इस परियोजना से संताल परगना क्षेत्र में यात्री सुविधाओं, रेल परिचालन दक्षता और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- देवघर में बाबा बैद्यनाथ मेडिकल कॉलेज अगले सत्र से होगा शुरू, चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

यह भी पढ़ें- उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के देवघर दौरे की तैयारी शुरू, सुरक्षा-यातायात व्यवस्था पर मंथन