विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्जी सिम कार्ड सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, बंगाल और दुमका के 7 साइबर आरोपित गिरफ्तार; 32 सिम बरामद

Published: Sat, 28 Nov 2026 04:05 PM (IST)

देवघर पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड सप्लाई और खरीदने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)

जागरण संवाददाता, देवघर। साइबर आरोपितों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड सप्लाई करने व खरीदने वाले वाले गिरोह से जुड़े सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

सिम कार्ड सप्लाई करने वाले गिरोह के चार सदस्य पं. बंगाल के बीरभूम जिला के रहने वाले हैं। वहीं, सिम कार्ड खरीदने आए तीन युवक दुमका जिला के मसलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

ये लोग इन फर्जी सिम कार्ड का प्रयोग साइबर ठगी में करते हैं। बताया जाता है कि इन लोगों का कनेक्शन बंगाल से जुड़ा हुआ है। इनके पास से 32 सिम कार्ड और आठ मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है। इनके पास से बरामद किए गए मोबाइल फोन व सिम कार्ड की जांच की जा रही है।

पुलिस अब साइबर ठगी के जड़ पर प्रहार कर रही है। पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये फर्जी सिम कार्ड बंगाल के किन लोगों के नाम पर लिया गया है। ये कारोबार कहां-कहां और किस तरीके से संचालित किया जाता है।

इन लोगों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने जिन आरोपितों काे गिरफ्तार किया है उनमें पं. बंगाल के वीरभूम जिला के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी हासिब मोमिन, सरजहान मोमिन, राजाबाबू मोमिन, कमाल मोमिन शामिल हैं।

इसके अलावा दुमका जिला के मसलिया थाना क्षेत्र के खुटोजोरी गांव निवासी अजरूल अंसारी, निजाम अंसारी, सरफुद्दीन अंसारी शामिल हैं।

पं. बंगाल के जो चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं वे पं. बंगाल से फर्जी सिम कार्ड लाकर बेचने का काम करते हैं। वहीं, मसलिया थाना क्षेत्र के जो तीन लोग पकड़े गए हैं वे साइबर ठगी का धंधा करते हैं। वे सिम कार्ड खरीदने के लिए आए थे।

जानकारी हो कि मसलिया थाना क्षेत्र का इलाका जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र से सटा हुआ है। इस कारण ये लोग यहां आकर सिम कार्ड खरीद बिक्री कर रहे थे। इस बारे में पालोजोरी थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली और इसी आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ के क्रम में पता चला कि ये मामला फर्जी सिम कार्ड खरीद बिक्री से जुड़ा हुआ है। बाद में उन्हें पूछताछ के लिए साइबर थाना की पुलिस के हवाले कर दिया गया। साइबर थाना की पुलिस ने पूछताछ करने के बाद सभी को जेल भेज दिया है।

साइबर ठगी के अवैध धंधे में फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल 

पुलिस छानबीन के क्रम में पता चला कि दुमका जिला के मसलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले तीनों आरोपित पहले से साइबर ठगी के धंधे में शामिल हैं।

ये लोग साइबर ठगी में फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने बताया कि वे लोगों को पीएम किसान योजना, बिजली बिल, आरटीओ चालान आदि से जुड़ा फर्जी एपीके फाइल भेजकर लोगों का मोबाइल फोन हैक कर लेते हैं।

उसके बाद उनके फोन से ओटीपी और बैंक खाता की जानकारी हासिल कर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते हैं।

इनके पास से बरामद किए गए मोबाइल फोन व आईईएमआई की जांच करने पर पता चला कि इन मोबाइल नंबर व आईईएमआई नंबर के खिलाफ देश के दूसरे राज्यों में भी पहले से साइबर ठगी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज है।

छापामारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर ललित खालको, पालोजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार व अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।

यह भी पढ़ें- गिरिडीह के सरिया में 3 दिन से लापता 6 साल के मासूम का झाड़ी में मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।