छठ पूजा पर रेलवे का तोहफा: बिहार-झारखंड और बंगाल के बीच चलेंगी नई स्पेशल ट्रेनें, स्टेशनों पर बजेंगे लोकगीत
रेलवे ने छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए बिहार, झारखंड और बंगाल के बीच कई विशेष ट्रेनें ...और पढ़ें
-1794384494240_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
टाटानगर-छपरा, चर्लापल्ली-बरौनी, रांची-अलीपुरद्वार विशेष ट्रेनें चलेंगी।
यात्रियों की सुविधा हेतु स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, देवघर। छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन टाटानगर और छपरा जंक्शन के बीच एक जोड़ी पूजा विशेष ट्रेन (ट्रेन आन डिमांड) चलाएगा। ये गाड़ियां दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएंगी।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के तहत, 08185 टाटानगर–छपरा जंक्शन पूजा विशेष गाड़ी की यात्रा 12 व 17 नवंबर को टाटानगर से 18:10 बजे प्रारंभ होगी। यह गाड़ी अगले दिन 10:30 बजे छपरा जंक्शन पहुंचेगी।
वहीं, 08186 Chhapra Junction–Tatanagar Puja Special Train की यात्रा 13 और 18 नवंबर को छपरा जंक्शन से 12:40 बजे प्रारंभ होगी। यह गाड़ी अगले दिन 04:00 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
आसनसोल रेल मंडल में इन दोनों गाड़ियों का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर जंक्शन और जसीडीह जंक्शन स्टेशनों पर होगा। प्रस्तावित कोच संरचना के अनुसार, इन विशेष गाड़ियों का परिचालन 18 आइसीएफ कोचों के साथ किया जाएगा, जिनमें शयनयान श्रेणी के 15 कोच और वातानुकूलित द्विस्तरीय श्रेणी का एक कोच शामिल रहेगा।
चर्लापल्ली–बरौनी के बीच चलेगी पूजा विशेष ट्रेन
छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर रेल प्रशासन चर्लापल्ली और बरौनी जंक्शन के बीच पूजा विशेष गाड़ियों (ट्रेन आन डिमांड) की एक जोड़ी चलाएगा। ये गाड़ियां प्रत्येक दिशा में एक-एक फेरा लगाएंगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार 07561 Cherlapally–Barauni Junction Puja Special Train की यात्रा 13 नवंबर को चर्लापल्ली से 14:00 बजे प्रारंभ होगी। यह गाड़ी यात्रा के तीसरे दिन 15 नवंबर को 02:15 बजे बरौनी जंक्शन पहुंचेगी।
वहीं 07562 बरौनी जंक्शन–चर्लापल्ली पूजा विशेष गाड़ी की यात्रा 15 नवंबर को बरौनी जंक्शन से 03:00 बजे प्रारंभ होगी। यह गाड़ी अगले दिन 16 नवंबर को 19:00 बजे चर्लापल्ली पहुंचेगी।
आसनसोल मंडल में दोनों गाड़ियों का ठहराव बराकर, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह जंक्शन स्टेशनों पर होगा। इन विशेष गाड़ियों का परिचालन 22 अमृत भारत कोचों के साथ किया जाएगा, जिनमें शयनयान श्रेणी और साधारण द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल होंगे।
रांची-अलीपुरद्वार जंक्शन पूजा विशेष गाड़ी का बढ़ाया गया फेरा
छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने 08661/08662 रांची–Alipurduar Junction–Ranchi Puja Special Train (ट्रेन आन डिमांड) की परिचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस विस्तार के तहत गाड़ी दोनों दिशाओं में दो-दो अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
08661 रांची–अलीपुरद्वार जंक्शन पूजा विशेष गाड़ी की यात्रा रांची से 16 व 23 नवंबर को प्रारंभ होगी। वहीं, 08662 अलीपुरद्वार जंक्शन–रांची पूजा विशेष गाड़ी की यात्रा अलीपुरद्वार जंक्शन से 18 व 25 नवंबर को प्रारंभ होगी। दोनों गाड़ियां अपने वर्तमान मार्ग पर पूर्व निर्धारित ठहरावों, समय-सारणी तथा कोच संरचना के अनुसार चलेंगी।
छठ पूजा को ले यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष इंतजाम
छठ पूजा के अवसर पर अपने परिवार के साथ पर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री अपने गृह नगरों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
आसनसोल, मधुपुर एवं जसीडीह स्टेशनों पर विभिन्न विभागों के अग्रिम पंक्ति के रेलकर्मी आपसी समन्वय के साथ यात्रियों की सहायता कर रहे हैं तथा स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित कर रहे हैं।
इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के कर्मचारी, जिनमें टिकट बुकिंग कर्मी एवं चल टिकट परीक्षक (टीटीई) शामिल हैं। ये यात्रियों को टिकट संबंधी जानकारी एवं ट्रेनों के परिचालन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।
साथ ही, उन्हें संबंधित प्लेटफार्म एवं डिब्बों तक पहुंचने तथा सुरक्षित रूप से ट्रेन में चढ़ने एवं उतरने में सहायता प्रदान कर रहे हैं। त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ के बीच महिला यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों एवं परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम करने के लिए प्रतीक्षास्थल की व्यवस्था
यात्रियों को सुविधाजनक प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध कराने तथा प्लेटफार्म पर भीड़ कम करने के उद्देश्य से आसनसोल एवं जसीडीह स्टेशनों विशेष यात्री प्रतीक्षास्थल की व्यवस्था की गई है।
यात्री अपनी ट्रेन के आगमन तक इन निर्धारित स्थलों पर प्रतीक्षा कर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से महिला यात्रियों, बुजुर्गों एवं बच्चों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।
वहीं, स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान, प्लेटफार्म परिवर्तन तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की नियमित उद्घोषणा की जा रही है, जिससे यात्रियों को समय पर जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके अतिरिक्त, ट्रेन संबंधी उद्घोषणाओं के बीच उपलब्ध अंतराल में पारंपरिक छठ गीतों का प्रसारण किया जा रहा है, जिससे स्टेशनों पर उत्सवी एवं आत्मीय वातावरण बन रहा है। अपने घरों से दूर यात्रा कर रहे यात्रियों के लिए छठ के पारंपरिक गीत पर्व की सांस्कृतिक भावना एवं अपनेपन का एहसास करा रहे हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल टिकटिंग को दिया जा रहा है बढ़ावा
टिकट खिड़कियों पर कतारों को कम करने तथा यात्रियों को सुविधाजनक टिकट प्राप्त करने के विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वचालित टिकट वितरण मशीनों, मोबाइल के माध्यम से अनारक्षित टिकट प्राप्त करने की सुविधा एवं रेलवन एप के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
यात्री गूगल प्ले स्टोर पर “रेलवन” खोजकर इस एप को डाउनलोड कर सकते हैं। अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण अथवा लाग-इन करने के बाद वे उपलब्ध रेलवे सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
रेलवे सुरक्षा बल की तैनाती एवं CCTV कैमरों से निगरानी
रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को प्लेटफार्म, स्टेशन प्रवेश द्वार एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। स्टेशन परिसर एवं यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों लगाएं गए हैं।
वहीं, रेल पुलिस लगातार चोर, पाकेटमार व असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखे हुए हैं। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों के कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सहायता में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार में ₹1200 करोड़ से होगा वाटर मेट्रो का विस्तार, कंगन घाट और पहलवान घाट पर बनेंगे इंटरनेशनल टर्मिनल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।