बैद्यनाथ धाम से 7 घंटे में पशुपतिनाथ: 3500 करोड़ से बनेगा रेल-फोरलेन सड़क पुल, सिलीगुड़ी जाना भी आसान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहमति से बटेश्वर में 3500 करोड़ की लागत से फोर लेन सड़क और टू लेन रेल पुल बनेगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
बटेश्वर में 3500 करोड़ का फोर लेन सड़क-रेल पुल बनेगा।
देवघर से पशुपतिनाथ धाम की यात्रा अब सात घंटे में।
संताल परगना को गंगा पार जाने का नया विकल्प मिलेगा।
जागरण संवाददाता, देवघर। संताल परगना के लोगों को गंगा पार जाने के लिए एक नया विकल्प मिलने जा रहा है। अब तक साहिबगंज और मालदा पुल ही प्रमुख माध्यम थे।
बिहार के बटेश्वर में पहले से स्वीकृत रेल पुल के साथ अब फोर लेन सड़क भी बनाई जाएगी। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस परियोजना को सहमति देकर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है।
सांसद के अनुसार, नई निविदा जारी होगी। बटेश्वर में 3500 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जाएगा, जिस पर टू लेन रेललाइन और फोर लेन सड़क होगी।
देवघर-पीरपैंती होकर जाने वाला यह मार्ग एनएच 80, शिवनारायणपुर, विक्रमशिला और प्रस्तावित विश्वविद्यालय से गुजरते हुए बरौनी-पूर्णिया के नए फोर लेन एनएच 31 से जुड़ेगा।
आगे यह जोगबनी, विराटनगर और वीरगंज होते हुए काठमांठू तक जाने का रास्ता देगा। सांसद ने कहा कि इससे बैद्यनाथ धाम से पशुपति नाथ धाम की यात्रा करीब सात घंटे में पूरी हो सकेगी।
सिलीगुड़ी जाना होगा आसान
नया मार्ग देवघर से सिलीगुड़ी जाना भी आसान करेगा। फिलहाल लोग भागलपुर -मुंगेर पुल पार कर नवगछिया और पूर्णिया होते हुए सिलीगुड़ी जाते हैं। बटेश्वर में रेल और सड़क पुल बनने के बाद वहां करीब तीन घंटे में पहुंचना संभव होगा।
भागलपुर पुल पर आवागमन में समस्या होने पर यह वैकल्पिक रास्ता बनेगा। पुल से असम जाने की राह भी सुगम होगी। हावड़ा-पटना मुख्य रेललाइन पर समस्या आने की स्थिति में गंगा पार की ट्रेनों के लिए भी यह नया विकल्प उपलब्ध कराएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके गांव को बड़ी सौगात दी है। देवघर से नवगछिया वाया गोड्डा उनके गांव में बनने वाला रेलवे पुल अब सड़क के साथ बनेगा। देवघर, बासुकीनाथ, मंदार, विक्रमशिला और बटेश्वर धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होंगे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अभिनंदन जिन्होंने प्रधानमंत्री जी की सोच को साकार किया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जिन्होंने राज्य सरकार की ओर से सहयोग देने का वादा किया है।
डॉ. निशिकांत दुबे, सांसद गोड्डा