छोटा आइडिया, बड़ा कारोबार... चतरा के युवाओं को मिला स्टार्टअप का मंत्र, DC बोले- खुद रोजगार दें और दूसरों को भी
चतरा में उद्योग केंद्र द्वारा आयोजित तेजस कार्यशाला में उपायुक्त रवि आनंद ने युवाओं को नौकरी तक सीमित न रहकर ...और पढ़ें

उपायुक्त रवि आनंद ने तेजस कार्यशाला का उद्घाटन किया। जागरण
HighLights
उपायुक्त रवि आनंद ने तेजस कार्यशाला का उद्घाटन किया।
युवाओं को नौकरी के बजाय उद्यमिता अपनाने पर जोर दिया गया।
संवाद सहयोगी, चतरा। डीसी ऑफिस के कांफ्रेस हाल में शुक्रवार को उद्योग केंद्र की ओर से तेजस कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सामूहिक गायन भी किया गया।
कार्यशाला में नवाचार, उद्यमिता को बढ़ावा देने और जिले के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि चतरा में प्राकृतिक संसाधन, पारंपरिक हुनर, स्थानीय वनोपज और युवाओं की प्रतिभा के आधार पर उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं। जरूरत इन संसाधनों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़ने की है।
उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहने, बल्कि अपने कौशल और स्थानीय संसाधनों के आधार पर उद्यम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक छोटा विचार भी बड़े उद्यम का आधार बन सकता है। युवाओं को अपने लिए रोजगार तलाशने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में काम करना चाहिए।
तेजस जैसी कार्यशालाएं युवाओं को उद्यम शुरू करने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण हैं। कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र, हजारीबाग के कैंप कार्यालय, चतरा के महाप्रबंधक शंभू शरण बैठा ने झारखंड सरकार की स्टार्टअप पॉलिसी-2023 की जानकारी दी। उन्होंने स्टार्टअप के लिए उपलब्ध प्रोत्साहन, सुविधाओं और प्रक्रियाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) तथा झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में स्टार्टअप इंडिया के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, शंभू शरण बैठा सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
