तंत्र-मंत्र के लिए चतरा में मासूम की बलि: अमावस्या की रात सगी मौसी ने ही रची हत्या की साजिश, 3 गिरफ्तार
चतरा पुलिस ने प्रतापपुर में एक नाबालिग बच्ची की हत्या का खुलासा किया है, जिसका कारण तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करना था।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)
HighLights
नाबालिग बच्ची की हत्या तंत्र सिद्धि के उद्देश्य से की गई।
दीपावली की अमावस्या की रात को वारदात को अंजाम दिया गया।
मौसी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य मौलाना फरार है।
संवाद सहयोगी, चतरा। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टी अनंतपुर गांव में नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
बच्ची की हत्या तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने के उद्देश्य से दीपावली की अमावस्या की रात की गई थी। इस हत्याकांड में बच्ची की मौसी सोहरी देवी, मौसी के भैसुर बिंदु भारती एवं भैंसुर का बेटा जुगेश भारती को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, बिहार का रहने वाला एक मौलाना इस मामले में मुख्य आरोपित बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हत्याकांड का उद्भेदन शनिवार को पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर किया। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को बच्ची की गुमशुदगी को लेकर उसकी मां सिताबिया देवी ने प्रतापपुर थाना में आवेदन दिया था। इसके आधार पर कांड संख्या 103/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए 13 नवंबर को बच्ची का शव उसके घर से करीब 150 मीटर झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। सिद्धि प्राप्त करने के लिए उसने अपने भैंसुर बिंदु भारती और उसके बेटे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की साजिश रची।
अमावस्या की रात की गई थी हत्या
इसके पीछे दीपावली की अमावस्या की रात बलि देने का उद्देश्य था। प्रारंभिक जांच में बच्ची के माता-पिता और आरोपितों के बीच पुराना आपसी विवाद भी सामने आया है।
पुलिस ने घटनास्थल और आरोपितों के घर से लाल रंग की टूटी चूड़ी, बाली, खून लगा प्लास्टिक, घास तथा टोटका में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। इसमें सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप, हल्दी, खून लगी हंसुआ, करणी और खून लगा लोहे का छेनी शामिल है।
उन्होंने कहा कि तीनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। फरार मौलाना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें- चतरा में नाबालिग बच्ची को तीन दिन तक घर में रखा बंधक, पड़ोस की महिला निकली आरोपित
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।