कारोबारियों को लूटने की फिराक में थे जीजा-साला, चतरा में 'Made in USA' पिस्टल के साथ गिरफ्तार
चतरा पुलिस ने स्वर्ण कारोबारियों को निशाना बनाने की बड़ी साजिश नाकाम की है। पुलिस ने 'मेड इन यूएसए' पिस्टल और कारतूस के साथ जीजा-साला को गिरफ्तार किया।

चतरा में जीजा साल गिरफ्तार
HighLights
चतरा पुलिस ने बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम किया।
जीजा-साला 'मेड इन यूएसए' पिस्टल के साथ गिरफ्तार हुए।
स्वर्ण कारोबारियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।
जागरण संवाददाता, चतरा। जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाने की साजिश पुलिस ने नाकाम कर दी है। स्वर्ण कारोबारियों और इलाके के अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे जीजा-साला को पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मांझीपाड़ा निवासी दशरथ कुमार भारती और एकता गांव के मरगड़ा टोला निवासी विक्रम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दशरथ के पास से मेड इन यूएसए नंबर-11 लिखा पिस्टल, 9 एमएम का एक कारतूस, दो मिस फायर गोली और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी अवैध हथियार के साथ बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पिंजनी गांव के पड़रियाबर टोला स्थित तीन मोहान के पास पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार एक युवक भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में दशरथ ने खुलासा किया कि उसके साले विक्रम कुमार ने इलाके के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाने के उद्देश्य से उसे हथियार उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ के अनुसार, दोनों मिलकर क्षेत्र के स्वर्ण एवं अन्य बड़े कारोबारियों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की फिराक में थे। पुलिस के मुताबिक, दशरथ का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध कुंदा थाना में एक अन्य मामला भी दर्ज है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात की आशंका टाल दी है। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।