चतरा में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी, युवक की जांघ में लगी गोली; रिम्स रेफर
चतरा के शहादत चौक पर आपसी विवाद में दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें मो. शहजाद नामक युवक दाहिने ...और पढ़ें

चतरा में आपसी विवाद के कारण दो गुटों में गोलीबारी हुई।
HighLights
चतरा में आपसी विवाद के कारण दो गुटों में गोलीबारी हुई।
मो. शहजाद दाहिने पैर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल।
संवाद सहयोगी, चतरा। चतरा के शहादत चौक के समीप रविवार की शाम आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की घटना में कसाई मोहल्ला निवासी मो. सेराज कुरैशी के पुत्र मो. शहजाद गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर की जांघ में लगी है।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल शहजाद को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व कसाई मोहल्ला से सदर थाना पुलिस ने दो गायों को जब्त किया था। इसके बाद से ही मोहल्ले में दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि रविवार की शाम इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर गोली चलने की घटना हुई। गोली लगने से घायल हुए मो. शहजाद को लेकर यह भी चर्चा है कि उस पर पुलिस को गायों के संबंध में सूचना देने का आरोप लगाया जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके। सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि गोली लगने से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है।
