विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों का डोडा जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार

By ZULQAR NAINEdited By: Mansi Kumari
Published: Sat, 15 Aug 2026 02:29 PM (IST)

चतरा पुलिस ने चतरा-बगरा मार्ग पर एक ट्रक से 85 बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही 1050 किलो डोडा ...और पढ़ें

चतरा पुलिस ने 1050 किलो डोडा जब्त किया। जागरण

चतरा पुलिस ने 1050 किलो डोडा जब्त किया। जागरण

HighLights

  1. चतरा पुलिस ने 1050 किलो डोडा जब्त किया।

  2. एक तस्कर गिरफ्तार, खेप पंजाब जा रही थी।

जागरण संवाददाता, चतरा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चतरा-बगरा मुख्य मार्ग पर लमटा के समीप एक ट्रक से 85 बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा 1050 किलो डोडा बरामद किया है। बरामद डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। एसपी अनिमेष नैथानी ने शनिवार को कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ नागर गोजे शुभभ भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि विधायक प्रसाद यादव और वर्षा किस्कु शामिल थे। टीम ने चतरा-बगरा मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की।

तलाशी में खुला राज

जांच के दौरान लमटा के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में 85 बोरियों में छिपाकर रखा कुल 1050 किलो डोडा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

बुंडू से पंजाब जा रही थी खेप

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि डोडा की यह खेप रांची के बुंडू क्षेत्र से पंजाब ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के संगरोला जिले के मंगवाल गांव निवासी सतपाल सिंह के पुत्र दीपक सिंह के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी मौके से भाग निकला।

पुलिस अब डोडा की खरीद, परिवहन और पंजाब में इसकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में भी पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।