विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चतरा का डिस्ट्रिक्ट चौराहा बनेगा आकर्षण का केंद्र, दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा का होगा अनावरण

By ZULQAR NAINEdited By: Shashank Baranwal
Published: Sun, 02 Aug 2026 10:57 AM (IST)

चतरा के डिस्ट्रिक्ट चौराहा पर झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जा ...और पढ़ें

पूर्व सीएम शिबू सोरेन (फाइल फोटो)

पूर्व सीएम शिबू सोरेन (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चतरा के डिस्ट्रिक्ट चौराहा पर शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा लगेगी।

  2. झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता गुरुजी के योगदान को दर्शाएगी।

  3. चौराहे का सौंदर्यीकरण होगा, शहर को मिलेगी नई पहचान।

जागरण संवाददाता, चतरा। झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा से जल्द ही शहर का डिस्ट्रिक्ट चौराहा सुशोभित होगा।

जिला परिषद की पहल पर यहां प्रतिमा स्थापना एवं चौराहे के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। प्रतिमा स्थापित होने के बाद यह स्थल शहर की नई पहचान के रूप में विकसित होगा तथा झारखंड आंदोलन के इतिहास और गुरुजी के योगदान की याद दिलाएगा।

प्रतिमा स्थापना के लिए डिस्ट्रिक्ट चौराहे पर आधार संरचना का निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य को गति देने के लिए जिला परिषद की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

चौराहे को आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ आसपास प्रकाश व्यवस्था, हरियाली और अन्य सुविधाएं भी विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है, ताकि यह स्थान लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।

निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को प्रशासन की निगरानी में हटाया गया। अतिक्रमण हटने से चौराहे का दायरा भी बढ़ा है और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड की पहचान, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई और अलग राज्य आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे हैं। उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और योगदान की जानकारी मिलेगी।

जिला परिषद के अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा कर प्रतिमा का अनावरण कराया जाएगा। प्रतिमा स्थापित होने के बाद डिस्ट्रिक्ट चौराहा न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि झारखंड के गौरवशाली इतिहास और संघर्ष की स्मृतियों को भी सहेजने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

यह भी पढ़ें- पेंशन अदालत में 40 मामलों की सुनवाई, रामगढ़ उपायुक्त ने जल्द निपटारे के दिए निर्देश

यह भी पढ़ें- स्वच्छ भारत मिशन 2.0: झारखंड के 49 शहरी निकायों को ₹4.23 करोड़ की सौगात, सरकार ने जारी किया फंड

उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर चौराहे का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। गुरुजी की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर निर्माण कार्य तेजी कराया जा रहा है। जल्द आदमकद प्रतिमा स्थापित होगी।

-

अखलाकुर्रहम, जिला अभियंता, जिला परिषद, चतरा।