चतरा अनुमंडल कार्यालय में ACB का छापा, 10000 रुपये घूस लेते क्लर्क रंगेहाथ गिरफ्तार
चतरा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सदर अनुमंडल कार्यालय के लिपिक बासुदेव राम को 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

एसीबी ने की कार्रवाई। (जागरण)
HighLights
एसीबी ने चतरा में लिपिक बासुदेव राम को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
सदर अनुमंडल कार्यालय में 10,000 रुपये की घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा।
चतरा में 22 दिनों के भीतर एसीबी की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, चतरा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को करीब 2:50 बजे अपराह्न बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अनुमंडल कार्यालय के लिपिक बासुदेव राम को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उसे कार्यालय के एक कमरे में ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। लिपिक हंटरगंज प्रखंड के बेला गांव के विलास यादव से 10000 रुपया अनुमंडल न्यायालय एक वाद के लिए ले रहा था।
जानकारी के अनुसार, किसी कार्य के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी को मिली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की।

गुरुवार को जैसे ही बासुदेव राम ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। इसके बाद टीम ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए उससे पूछताछ शुरू कर दी।
एसीबी की चतरा में महज 22 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पूर्व 15 सितंबर को सदर अंचल कार्यालय के राजस्व उपनिरीक्षक सतीश प्रसाद को भी रिश्वत लेते हुए एसीबी ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया था।
लगातार हो रही कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति है। एसीबी अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार लिपिक से पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही रिश्वत से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
