12 साल की उम्र में 36 वर्ल्ड रिकॉर्ड, जुबानी याद हैं 1000 तक पहाड़े; झारखंड के जुड़वां भाइयों का शानदार टैलेंट
बोकारो के जुड़वां भाई विराट और विराज माकेन ने अपनी गणितीय प्रतिभा और 36 विश्व रिकॉर्ड के साथ उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात की।

उपायुक्त अजय नाथ झा के साथ विराट माकेन एवं विराज माकेन। (जागरण)
HighLights
जुड़वां भाई विराट-विराज माकेन ने उपायुक्त से मुलाकात की।
गणित और सामान्य ज्ञान में 36-36 विश्व रिकॉर्ड दर्ज।
लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2024 में नाम दर्ज।
जागरण संवाददाता, बोकारो। प्रतिभाशाली जुड़वां भाई विराट माकेन एवं विराज माकेन ने सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने गणित एवं सामान्य ज्ञान के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट उपलब्धियों और विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड के संबंध में उपायुक्त को जानकारी दी।
महज 12 वर्ष की आयु में दोनों भाइयों ने अपनी असाधारण गणितीय प्रतिभा से देशभर में पहचान बनाई है। दोनों का नाम प्रतिष्ठित लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स 2024 में दर्ज है।
36 रिकॉर्ड दर्ज
इसके अलावा, गणित एवं सामान्य ज्ञान की श्रेणी में दोनों के नाम 36-36 विश्व रिकॉर्ड दर्ज होने की जानकारी दी। दोनों भाइयों को एनसीईआरटी, नई दिल्ली एवं प्रधानमंत्री ई-विद्या चैनल की ओर से उनकी असाधारण गणितीय प्रतिभा के लिए मैथमेटिक्स जीनियस ऑफ इंडिया की उपाधि से सम्मानित किया गया है।
कक्षा तीन में अध्ययनरत रहने के दौरान ही 11 अगस्त 2022 को दोनों एनसीईआरटी के स्टूडियो में प्रधानमंत्री ई-विद्या चैनल के कार्यक्रम में लाइव शामिल हुए थे।
1000 तक याद है पहाड़ा
विराट एवं विराज की विशेष उपलब्धियों में एक से 1000 तक के पहाड़े सुनाना, उल्टे क्रम में कठिन पहाड़ों का निर्धारित समय में उच्चारण करना, एक से 500 तक की संख्याओं के वर्ग एवं घन निकालना तथा बड़ी संख्याओं का त्वरित गुणा करना शामिल है।
दोनों इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट (आईएसआई), कोलकाता में भी अतिथि वक्ता के रूप में 600 से अधिक विद्यार्थियों को संबोधित कर चुके हैं।
उपायुक्त ने दोनों बाल प्रतिभाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कम उम्र में इस तरह की असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियां अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। निरंतर अभ्यास, लगन और मेहनत से प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।